देश की खबरें | किसानों के प्रति “उदासीनता“ के लिए अभय चौटाला ने केंद्र की आलोचना की

सिरसा, पांच फरवरी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय चौटाला ने किसानों के प्रति केंद्र सरकार के कथित उदासीन रवैये को लेकर शुक्रवार को उसकी आलोचना की।

चौटाला ने केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पिछले महीने हरियाणा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले किसान समुदाय से बड़े-बड़े वादे किए थे, जिसमें स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करना भी शामिल था।

चौटाला ने आरोप लगाया, “ लेकिन उनकी कथनी और करनी में फर्क है। सत्ता में आने के बाद वे अपने वादों को भूल गए और तीन नये कृषि कानून थोप दिए, जो किसानों को बर्बाद कर देंगे।“

उन्होंने ये आरोप यहां नाथुसारी चोप्ता में “किसान पंचायत“ को संबोधित करते हुए लगाए।

चौटाला ने पंचायत में आए लोगों और अपने समर्थकों से शनिवार को प्रस्तावित चक्का जाम का समर्थन करने की भी अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)