नयी दिल्ली, 14 जनवरी धौला कुआं के पास स्थित झुग्गियों को गिराने के आदेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का उपयोग किया।
भाजपा ने पलटवार करते हुए ‘आप’ नेताओं पर ‘‘राजनीतिक रूप से हताश’’ होने का आरोप लगाया।
कुछ दिन पहले ही दिल्ली सरकार ने अपने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को धौला कुआं के पास स्थित झुग्गियों को गिराने के आदेश को तुरंत वापस लेने का निर्देश दिया था।
पीडब्ल्यूडी ने 29 दिसंबर को नोटिस जारी कर धौला कुआं इलाके के झुग्गीवासियों को 15 दिनों के भीतर जमीन खाली करने को कहा था।
‘आप’ विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि उनकी पार्टी किसी का घर नहीं टूटने देगी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा को क्या परेशानी है? वे दिल्ली के लोगों के खिलाफ काम क्यों कर रहे हैं।’’
‘आप’ नेता आदिल अहमद ने कहा, ‘‘भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में यह कहा था कि सभी झुग्गीवासियों को जहां झुग्गी है वहीं पर मकान दिया जाएगा, लेकिन अब वे झुग्गियों को गिराने के लिए नोटिस भेज रहे हैं। ’’
दिल्ली सरकार ने अपने नोटिस में पीडब्ल्यूडी को तोड़फोड़ आदेश वापस लेने का निर्देश देते हुए कहा था कि कड़ाके की ठंड में निवासियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ऐसा करना ‘‘अमानवीय’’ है।
इस बीच, दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने शनिवार को आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों में ‘‘अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्ट शासन’’ का खुलासा होने के बाद से आम आदमी पार्टी के नेता ‘‘राजनीतिक रूप से हताश’’ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल के दिल्ली नगर निगम चुनावों में, आम आदमी पार्टी कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के सभी तीन वार्ड में हार गई, जहां से आतिशी विधायक हैं। अब खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल करने के लिए, वह झूठा प्रचार कर रही हैं कि केंद्र सरकार कालकाजी झुग्गीवासियों के लिए ‘जहां झुग्गी वहां मकान’ की अपनी घोषणा से पीछे हट रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY