देश की खबरें | आप विधायकों ने तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के लिए विजेंद्र गुप्ता के खिलाफ जांच की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने दिल्ली विधानसभा में सदन के पटल पर रखी गई याचिका समिति की रिपोर्ट के तथ्यों तोड़ मरोड़ कर पेश करने और सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विजेंद्र गुप्ता के खिलाफ विशेषाधिकार समिति से जांच कराए जाने की मांग की है।

नयी दिल्ली, 17 अगस्त दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने दिल्ली विधानसभा में सदन के पटल पर रखी गई याचिका समिति की रिपोर्ट के तथ्यों तोड़ मरोड़ कर पेश करने और सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विजेंद्र गुप्ता के खिलाफ विशेषाधिकार समिति से जांच कराए जाने की मांग की है।

आप विधायक संजय झा ने मांग की कि जब तक विशेषाधिकार समिति मामले में जांच नहीं कर लेती तब तक गुप्ता को सदन से निलंबित कर दिया जाए।

उनके साथी विधायक मदन लाल ने उनसे सहमति जताते हुए कहा, ‘‘वह यहां रहने के लायक नहीं हैं।’’

दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने बताया कि गुप्ता सुबह से सदन को बाधित कर रहे थे। भाजपा विधायकों की उनसे नोकझोंक हो गई।

मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बहुमत में होने के कारण आप विधायक विरोध की आवाज का गला घोंट रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में रिपोर्ट पेश करने के तरीके पर भी विरोध जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी आवाज दबाई जा रही है। लेकिन आप हमारी आवाज नहीं दबा सकते। मैं सभापति का सम्मान करता हूं।’’

बिड़ला ने आरोप लगाया कि विपक्षी सदस्य गुप्ता के माध्यम से सदन की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह निंदनीय और शर्मनाक है कि दिल्ली विधानसभा में सदन के पटल पर रखी गई रिपोर्ट के तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। विपक्षी सदस्य जन कल्याण के मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहते।’’

बिड़ला ने कहा, ‘‘गुप्ता जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने याचिका समिति की रिपोर्ट के तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया वह भी अवमानना का मामला है। अगर आप इसे दोहराते हैं तो मुझे मजबूरन आप विधायक संजीव झा के प्रस्ताव पर कार्रवाई करनी होगी।’’

उन्होंने विपक्षी सदस्यों को आत्मावलोकन करने की सलाह दी।

आप विधायक संजीव झा ने कहा कि गुप्ता नियमित रूप से सदन की कार्यवाही बाधित करते हैं । उन्होंने मांग की कि विधानसभा अध्यक्ष को उनके प्रस्ताव पर सदन की सहमति लेनी चाहिए।

उनके संबोधन के बाद भाजपा विधायक फिर खड़े हो गए, जिस पर बिड़ला ने कहा, ‘‘क्या यहां ‘कॉमेडी नाइट्स’ चल रही है? आप क्यों हंस रहे हैं?’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\