देश की खबरें | आप ने दिल्ली में बाढ़ के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया

नयी दिल्ली, 14 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है और आरोप लगाया कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में बाढ़ आई है।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद हरियाणा सरकार से ‘बातचीत’ कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।’’

सिंह ने दावा किया,‘‘हरियाणा ने हथिनी कुंड बैराज से सिर्फ दिल्ली के लिए पानी छोड़ा। इस वजह से ही बाढ़ की स्थिति पैदा हुई। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिवों को इससे निपटने के लिए पहले ही समन्वय करना चाहिए था।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि हथिनी कुंड बैराज से उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लिए पूर्वी और पश्चिमी नहर निकलती है, लेकिन सिर्फ दिल्ली की यमुना नहर की तरफ पानी छोड़ा गया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हरियाणा सरकार 10 जुलाई से ही एक दिशा में पानी छोड़ रही है, जबकि तीनों राज्य में एक समान रूप से पानी वितरित किया जा सकता था। दिल्ली में आई बाढ़ एक संगठित योजना है। भाजपा ने जानबूझकर राष्ट्रीय राजधानी को इस स्थिति में धकेल दिया।’’

आप नेता सोमनाथ भारती ने भी दिल्ली की बाढ़ को ‘भाजपा निर्मित आपदा’ बताया।

भारती ने आरोप लगाया, ‘‘उत्तर प्रदेश और हरियाणा की पूर्वी और पश्चिमी नहर पूरी तरह सूखी पड़ी हैं। पानी को जानबूझकर दिल्ली की तरफ छोड़ा गया।’’

आप के आरोपों पर भाजपा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है। इसके बावजूद यमुना के तटीय इलाके अभी जलमग्न हैं। पार्टी के अन्य नेताओं की तरह उन्होंने में भी दिल्ली में आई बाढ़ के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया।

कक्कड़ ने आरोप लगाया, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र नकारात्मक राजनीति करने पर आमादा है और ये एक मानव निर्मित आपदा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सभी नेता मौके पर जाकर लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पानी का प्रवाह केवल दिल्ली की ओर ही क्यों मोड़ा गया? इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए और सवाल पूछे जाने चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)