देश की खबरें | आम आदमी पार्टी ने ‘जय भीम’ और ‘फरिश्ते’ योजना फिर शुरू कीं, भाजपा पर इन्हें रोकने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ‘जय भीम योजना’ और ‘फरिश्ते योजना’ फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जानबूझकर उनके जेल जाने के बाद इन योजनाओं को रोकने का आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ‘जय भीम योजना’ और ‘फरिश्ते योजना’ फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जानबूझकर उनके जेल जाने के बाद इन योजनाओं को रोकने का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जय भीम योजना वंचित बच्चों के लिए शिक्षा के समान अवसर सुनिश्चित करने के उनकी सरकार के बड़े प्रयासों में से एक है।

इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को आईआईटी और सिविल सेवा परीक्षाओं की कोचिंग के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘आईआईटी और सिविल सेवा की कोचिंग बहुत महंगी है। हमारी जिम्मेदारी है कि गरीब बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं और इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए यह योजना शुरू की गई थी। लेकिन मेरे जेल जाने के बाद इसे जानबूझकर रोक दिया गया। आज हम इस योजना को फिर से शुरू कर रहे हैं।’’

केजरीवाल ने कहा कि इस योजना के तहत प्रत्येक छात्र को 2,500 रुपये का वजीफा दिया जाता रहेगा और लाभार्थियों की संख्या को लेकर कोई सीमा नहीं होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि सरकार का पैसा शिक्षा पर खर्च होना चाहिए और हम इस खर्च पर कोई सीमा नहीं लगाते।’’

दूसरी योजना ‘फरिश्ते’ सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को निजी अस्पतालों समेत किसी भी अस्पताल में निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान करती है।

केजरीवाल के अनुसार इस योजना को रोके जाने से पहले इससे 26,000 लोगों की जान बचाई गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस योजना की मदद से कई लोगों की जान बचाई और हम सुनिश्चित करेंगे कि यह दिल्ली के नागरिकों की सेवा करती रहे।’’

संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने केजरीवाल और दोनों योजनाओं की प्रशंसा की।

उन्होंने बाद में ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने की साजिश रचकर मुख्यमंत्री जय भीम योजना को रोका गया। लेकिन गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों का शिक्षा के माध्यम से उत्थान करने के अरविंद केजरीवाल के दृष्टिकोण के सामने ये सारी साजिशें नाकाम हो गईं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\