देश की खबरें | आतंकवादी संगठनों से संबंध होने के संदेह में असम का एक युवक गिरफ्तार

बेंगलुरू, 25 जुलाई कर्नाटक में बेंगलुरू पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने कुछ आतंकवादी संगठनों से संबंध होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है और उसके कुछ साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एजेंसी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि असम के निवासी अख्तर हुसैन लश्कर को रविवार रात तिलक नगर में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से गिरफ्तार किया गया, जहां वह कुछ लोगों के साथ रह रहा था। भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ भारत सरकार के विरुद्ध युद्ध छेड़ने का भी आरोप है।

सूत्र ने कहा, ‘‘ केंद्रीय एजेंसी को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार किया गया।’’

सीसीबी के सूत्रों ने बताया कि लश्कर शहर में छिपा हुआ था। उससे पूछताछ जारी है और उसमें कई जानकारियां सामने आ सकती हैं। अख्तर हुसैन लश्कर के आतंकवादी संगठनों से संबंधों की भी जांच की जा रही है।

कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने राज्य पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और बताया कि अख्तर हुसैन लश्कर के स्थानीय सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके सहयोगियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि लश्कर पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने का भी मामला है।

बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त सी एच प्रताप रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह एक अत्यंत कट्टरपंथी युवा है। हमने विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया। उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। यह पता लगाने के लिए जांच और पूछताछ जारी है कि क्या उसके संबंध किसी आतंकवादी संगठन के साथ हैं।’’

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘वह एक डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर रहा था। उसके बारे में अन्य विवरण जांच के बाद सामने आएंगे। पुलिस उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।’’

पुलिस आयुक्त सी एच प्रताप रेड्डी ने कहा, ‘‘इस बारे में विवरण साझा नहीं किया जा सकता है लेकिन तथ्य यह है कि एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बेंगलुरु में कट्टरपंथी युवाओं के बारे में पर्याप्त सबूत एकत्र किए गए हैं।’’

सीसीबी सूत्रों ने कहा कि लश्कर उत्तर भारत से भाग गया था और बेंगलुरु शहर में छिपा हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)