देश की खबरें | उत्तर-पूर्वी दिल्ली में प्रेम प्रसंग के कारण युवक की चाकू घोंपकर हत्या, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में 19-वर्षीय एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले में शाहरुख खान (19) और साहिल खान (20) नामक दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किये गये आरोपियों की बहन का मृतक युवक के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। मृतक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है।

सोमवार रात नौ बजकर 14 मिनट पर संजय कॉलोनी में चाकूबाजी की यह घटना घटी।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि इस अपराध में दोनों भाइयों की मदद करने वाले तीसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

सूत्र के अनुसार, हिमांशु का एक स्थानीय लड़की के साथ प्रेम संबंध था, जो लड़की के भाइयों को पसंद नहीं था।

सूत्र ने बताया, ‘‘घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गईं। हमने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ लिया गया।’’

मृतक युवक के परिवार ने हत्या के विरोध में सड़क पर उतरकर न्याय की मांग की।

युवक की मां ने रोते हुए कहा, "मेरे बेटे हिमांशु को उसकी दोस्त के भाइयों ने बेरहमी से मार डाला। उन्होंने ऐसा क्यों किया।"

मृतक की मां ने कहा, "मेरे बेटे ने अपनी आखिरी सांस लेते हुए मुझसे कहा कि उन्हें मत छोड़ना। मुझे न्याय मिलना चाहिए।"

हिमांशु के पिता जोगिंदर ने बताया कि हमलावरों में से एक ने उसे सामने से पकड़ लिया और दूसरे ने पीछे से उस पर कई बार चाकू घोंपे।

पुलिस ने बताया कि हिमांशु को गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत गोकलपुरी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।"

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को जानते थे तथा एक ही इलाके में रहते थे।

इस बीच क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों और पुलिस की तैनाती कर दी गई है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया, "परिवार के सदस्यों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर यातायात जाम कर दिया। हमने उन्हें बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई पुलिस टीमों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)