महोबा (उप्र), 30 सितंबर महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत की जांच के लिए तीन सदस्यीय एक समिति का गठन किया गया है।
एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चित्रकूट रेंज के आईजी के सत्यनारायण द्वारा समिति का गठन किया गया है।
इससे पहले, मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कहा था कि जिस गोली से उनकी हत्या की गयी, वह उनकी ही लाइसेंसी पिस्तौल से चलायी गयी थी।
पुलिस अधीक्षक अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि त्रिपाठी (44) के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए चित्रकूट रेंज के आईजी ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
समिति में हमीरपुर के एएसपी संतोष कुमार सिंह, बबेरू-बांदा के सर्कल अधिकारी आनंद कुमार पांडे और निरीक्षक (चित्रकूट) अरुण पाठक शामिल होंगे।
इंद्रकांत ने महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिन्हें बाद में निलंबित कर दिया गया था।
व्यापारी को कथित तौर पर रहस्यमय परिस्थितियों में गोली मार दी गई और 13 सितंबर को कानपुर के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गयी।
पाटीदार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के कुछ दिनों बाद यह घटना हुई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ सितंबर को पाटीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY