देश की खबरें | आईआईआईटी बसर की एक छात्रा की भवन से गिरकर मौत

हैदराबाद, 15 जून तेलंगाना के निर्मल जिले में राजीव गांधी ज्ञान प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीयूकेटी) की एक छात्रा की एक भवन से ‘दुर्घटनावश गिर जाने’ से मौत हो गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आईआईआईटी बसर नाम से लोकप्रिय इस संस्थान में दो दिन पहले एक छात्रा ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली थी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार एवं बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात में छात्रावास भवन के चौथे तल से गिरकर छात्रा की मौत हो गयी।

उसने बताया कि जमीन पर अचेत देखकर सुरक्षाकर्मी उसे भैंसा के एक अस्पताल में ले गये लेकिन उसे वहां से भी निर्मल शहर के एक अस्पताल भेज दिया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह संस्थान में ‘प्री यूनिवर्सिटी कोर्स’ (प्रथम वर्ष) की छात्रा थी और सिद्दीपेट की रहने वाली थी।

इस घटना पर संदेह प्रकट करते हुए छात्रा के माता-पिता ने पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने का अनुरोध किया । उसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

छात्रा के माता-पिता ने पुलिस से कहा कि अगले दिन परीक्षा होने के मद्देनजर उनकी बेटी अपने मोबाइल फोन पर ‘वीडियो साझा करने वाले मंच’ पर पाठ सुन रही थी, उसी दौरान संभवत: वह भवन से नीचे ‘दुर्घटनावश गिर गयी होगी । विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इसी बात की पुष्टि की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसके हिसाब से सीआरपीसी की धारा 174 (संदिग्ध मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच के मुताबिक यह दुर्घटनावश मौत है लेकिन यह अंतिम रूप से तय नहीं है । उन्होंने कहा कि मौत की वजह (दुर्घटनावश या आत्महत्या) पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही तय की जा सकती है और उसी के आधार पर आगे की जांच होगी।

उन्होंने कहा कि शव का अंत्यपरीक्षण किया गया और उसके बाद शव को लड़की के परिवार को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)