विदेश की खबरें | अमेरिका के बोस्टन में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का खास जश्न मनाया जाएगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अमेरिका के बोस्टन शहर में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न खास तरीके से मनाया जाएगा। इसमें 32 देश भाग लेंगे और शहर पर एक विमान से 220 फुट लंबा अमेरिका-भारत ध्वज लहराया जाएगा।
वाशिंगटन, आठ अगस्त अमेरिका के बोस्टन शहर में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न खास तरीके से मनाया जाएगा। इसमें 32 देश भाग लेंगे और शहर पर एक विमान से 220 फुट लंबा अमेरिका-भारत ध्वज लहराया जाएगा।
‘फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन-न्यू इंग्लैंड’ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि इस साल, भारत की आजादी के जश्न समारोह में कई चीजें पहली बार होंगी।
मैसाच्युसेट्स के गवर्नर चार्ली बेकर ने स्वतंत्रता दिवस के 75 वर्षों को ‘भारत दिवस’ घोषित किया, जो 15 अगस्त को बोस्टन में इंडिया स्ट्रीट पर और इससे एक दिन पहले 14 अगस्त को रोड आइलैंड में स्टेट हाउस में मनाया जाएगा। इस अवसर पर परेड में ग्रैंड मार्शल के तौर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर पी सिंह को आमंत्रित किया गया है।
एफआईए न्यू इंग्लैंड ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के बैनर तले भारत की आजादी के 75 वर्षों का जश्न मना रहा है।
उसने कहा कि अमेरिका के इतिहास में पहली बार 32 देशों के लोग भारत दिवस परेड में शामिल होने जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर पहले से रिकॉर्ड किया गया एक संदेश भेजा है। गोयल ने अपने संदेश में कहा, ‘‘भारत-अमेरिका संबंधों ने लंबा सफर तय किया है। आज हम स्वाभाविक साझेदार हैं। हम दोस्त हैं और हम बहुत महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। हमारी साझेदारी रणनीतिक, बहुत गहरी और महत्वपूर्ण आयामों वाली है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)