देश की खबरें | ठाणे में 13 साल की कैंसर रोगी के साथ बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 13 साल की एक लड़की के साथ बलात्कार करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, पांच अप्रैल महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 13 साल की एक लड़की के साथ बलात्कार करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि लड़की कैंसर से पीड़ित है।
एक अधिकारी ने बताया कि 29 वर्षीय आरोपी को बिहार से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी, बिहार में लड़की के परिवार के ही गांव का रहने वाला है। उसने दो महीने पहले बदलापुर में उनके लिए किराए के मकान की व्यवस्था की थी और वह पीड़िता का इलाज कराने में भी मदद कर रहा था।
सहायक पुलिस आयुक्त शैलेश काले ने बताया कि लड़की जब घर में अकेली थी तब आरोपी ने कथित तौर पर उसका फायदा उठाया तथा तीन बार उसका यौन उत्पीड़न किया।
उन्होंने बताया कि लड़की मुंबई के एक अस्पताल में कीमोथेरेपी ले रही थी और नियमित जांच के दौरान उसे पता चला कि वह गर्भवती है।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ निरीक्षक किरण बलवदकर ने कहा, ‘‘आरोपी ने पीड़िता के परिवार को बदलापुर में रहने की व्यवस्था की थी और वह लड़की के इलाज में भी मदद कर रहा था। इस दौरान उसने पीड़िता के साथ बलात्कार किया जिससे वह गर्भवती हो गई।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2025 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

