देश की खबरें | सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी की इमारत का एक हिस्सा ढहा, हादसे में दो मजदूरों की मौत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 31 जुलाई गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर में शुक्रवार को सोलर पैनल बनाने वाली एक कंपनी की इमारत का अगला हिस्सा अचानक गिरने से उसमें दब कर कम से कम दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

अपर पुलिस आयुक्त श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 में स्थित सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी शक्ति टेक्नोफैब प्रोडक्ट औद्योगिक भवन की एक इमारत का अगला हिस्सा आज शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक गिर गया।

यह भी पढ़े | बिहार से मुंबई केस ट्रांसफर की मांग वाली रिया की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 5 अगस्त को होगी सुनवाई: 31 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि इस हादसे में जयनेंद्र ठाकुर, गोपी और राहुल सहित चार मजदूर दब गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में फंसे चार मजदूरों को बाहर निकाला।

गांगुली ने बताया कि चारों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।

यह भी पढ़े | नोएडा के सेक्टर -11 में बहुमंजिला इमारत हुई जमीदोज, 4 को बचाया गया, कई और लोगों के फंसे होने की आशंका- राहत बचाव कार्य जारी.

उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जयनेंद्र ठाकुर और गोपी को मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य दो मजदूरों की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)