जम्मू, 15 अगस्त जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में पिछले चार वर्षों में एक नए युग का उदय हुआ है जो सद्भाव, विकास और समृद्धि का वादा करता है।
भटनागर ने यहां स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में तिरंगा फहराने के बाद कहा कि जम्मू कश्मीर ने पिछले चार वर्षों में शांति, प्रगति एवं समृद्धि की ओर यात्रा शुरू की है।
उन्होंने कहा, ‘‘नए उद्यमों की स्थापना और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। गांव प्रगति कर रहे हैं तथा आवश्यक बुनियादी ढांचा सुदृढ़ किया जा रहा है।’’
भटनागर ने केंद्र शासित प्रदेश में जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता के बारे में बात की।
जम्मू कश्मीर में विकासात्मक पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में 7,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जम्मू में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का निर्माण इस साल पूरा होने की संभावना है जबकि कश्मीर में एम्स का निर्माण 2025 तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा सात मेडिकल कॉलेज तथा 15 नर्सिंग संस्थान पहले ही चालू हैं।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर खासतौर से ‘अमृत काल’ के दौरान जीवन के सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
भटनागर ने कहा कि यह क्षेत्र भय और भ्रष्टाचार से मुक्त क्षेत्र में विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी केंद्र शासित प्रदेश में किया जाना नए जम्मू कश्मीर के उदय का प्रमाण है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY