UP: मथुरा में हत्या व लूट की घटना में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर
मथुरा जिले की पुलिस और एसओजी (विशेष अभियान समूह) के साझा अभियान में हत्या और लूटपाट की वारदात में कथित रूप से शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश यहां मुठभेड़ में मारा गया.
मथुरा (उप्र), 12 नवंबर : मथुरा जिले की पुलिस और एसओजी (विशेष अभियान समूह) के साझा अभियान में हत्या और लूटपाट की वारदात में कथित रूप से शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश यहां मुठभेड़ में मारा गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शैलेश कुमार पांडेय ने बताया, "शनिवार रात हाईवे थाना के अंतर्गत एक होटल के पास पुलिस मुठभेड़ में मटिया दरवाजा निवासी फारुख घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया."
पुलिस के अनुसार, फारुख ने मोहसिन नामक व्यक्ति के साथ मिल कर तीन और चार नवंबर की दरमियानी रात हाईवे थाना क्षेत्र की गुरु कृपा विलास कॉलोनी में कल्पना अग्रवाल (55) की हत्या कर दी थी एवं उनके पति कृष्ण कुमार अग्रवाल को बुरी तरह से जख्मी कर दिया था और बदमाश वहां से नकदी तथा आभूषण लूटकर फरार हो गए थे. पुलिस ने बताया कि कृष्ण कुमार अग्रवाल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. पुलिस ने 10 नवंबर को मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया था और उसके पास से कुछ नकदी बरामद की थी. पांडे ने बताया कि फारुख की एसओजी टीम तथा थाना हाईवे पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें पुलिस द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में वह मारा गया. यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Griha Lakshmi Yojana: ‘छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना’ हमारी गारंटी है- कांग्रेस
एसएसपी ने कहा, " पुलिस ने फारुख के पास से 21.8 लाख रुपये, आभूषण और एक पिस्तौल बरामद की है.” पुलिस के मुताबिक, लूट की वारदात की साजिश व्यापारी के कार चालक मोहसिन ने ही रची थी. उसने उस रात व्यापारी को वृन्दावन स्थित शो रूम से घर लाने से पहले ही कार में अपने साथी फारुख को छिपा लिया था और घर की एक चाभी भी उसे सौंप दी थी. पुलिस ने कहा कि इसके बाद फारुख ने घटना को अंजाम दिया था. पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2023 05:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

