देश की खबरें | बंगाल में मंत्री पर हमला साजिश, उन पर दूसरी पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था : ममता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हुआ हमला एक साजिश का हिस्सा था और कुछ लोग उन पर दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए ‘‘दबाव’’ बना रहे थे।
कोलकाता, 18 फरवरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हुआ हमला एक साजिश का हिस्सा था और कुछ लोग उन पर दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए ‘‘दबाव’’ बना रहे थे।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बुधवार की रात बम से किए गए हमले में राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती हैं।
हुसैन से मिलने अस्पताल पहुंचीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे पर भी निशाना साधा।
बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ मंत्री जाकिर हुसैन पर हमला एक सोची-समझी साजिश थी। कुछ (पार्टी के) लोग पिछले कुछ महीने से जाकिर हुसैन पर दबाव बना रहे थे, कि वह उनकी पार्टी में शामिल हों। मैं अधिक जानकारी नहीं दूंगी क्योंकि जांच जारी है।’’
मुख्यमंत्री ने हमले में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पांच-पांच लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
उन्होंने पूछा, ‘‘ जब हमला रेलवे स्टेशन पर हुआ, तो रेलवे सुरक्षा में चूक की अपनी जिम्मेदारी से इनकार कैसे कर सकती है?’’
बनर्जी ने बताया कि हमले में 26 लोग घायल हुए हैं।
राज्य सरकर ने घटना की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)