देश की खबरें | जंगल में अपनी मां की तलाश में गए बच्चे पर कुत्तों का हमला, हुयी मौत

बरेली (उप्र), 15 नवंबर बरेली में शेरगढ़ क्षेत्र में संदिग्ध रूप से आवारा कुत्तों के हमले में पांच वर्ष के एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शेरगढ़ स्थित शिव मंदिर निवासी छेदालाल राठौर की पत्नी सरोज मंगलवार की शाम को चारा लेने जंगल में गईं थी, उसका पांच वर्षीय बेटा दक्ष घर में खेल रहा था और कुछ ही देर बाद मां को तलाशते हुए वह उसके पीछे जंगल की ओर चला गया।

उन्होंने बताया कि रास्ते में एक गन्ने खेत के पास कुत्तों के झुंड ने दक्ष पर हमला कर दिया और इस दौरान कुत्तों ने उसकी गर्दन और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोंच लिया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे उसके पड़ोसी विशाल की निगाह लहूलुहान बच्चे पर पड़ी, उसने दक्ष की मां को घटना की जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रुप से घायल दक्ष को लेकर मंगलवार रात एक निजी अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शेरगढ़ नगर पंचायत के सभासद राकेश राठौर ने बताया कि दक्ष पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। उसकी गर्दन, हाथ, पैर, मुंह और पेट का मांस नोच लिया। उसके कपड़े फटे हुए थे शरीर पर कई जगह कुत्तों के दांतों और पंजों के निशान थे। इसी आधार पर माना गया कि कुत्तों के हमले में ही उसकी मृत्यु हुई है।

उन्होंने बताया कि आवारा कुत्तों का झुंड पहले भी कई बच्चों पर हमला कर चुका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)