कोलकाता, 14 सितंबर कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कुछ वरिष्ठ छात्रों पर देर रात कनिष्ठ छात्रों के छात्रावास में घुस कर उन्हें धमकी देने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आरोप है कि बुधवार देर रात नौ से 10 वरिष्ठ एवं पूर्व छात्र मानिकतला छात्रावास में घुस गए और कनिष्ठ छात्रों से सवाल किया कि वे नए प्राचार्य के अभिनंदन के लिए मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल क्यों हुए।
एक कनिष्ठ छात्र ने बताया कि वरिष्ठ छात्रों का समूह सुबह होने से पहले छात्रावास से बाहर चला गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों ने एम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारियों ने छात्रावास का दौरा किया लेकिन इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
छात्रावास अधीक्षक स्वपन मंडल ने कहा, ''मुझे बताया गया कि कुछ लोग छात्रावास में आए थे और कनिष्ठ छात्रों पर चिल्ला रहे थे। मैं इस पर कार्रवाई करूंगा क्योंकि रात्रि 11 बजे के बाद कोई व्यक्ति छात्रावास में प्रवेश नहीं कर सकता है।''
पूर्व प्राचार्य डॉ संदीप घोष के तबादले के बाद अस्पताल में प्रदर्शन किया गया था। डॉ मानस बंद्योपाध्याय नए प्राचार्य नियुक्त किए गए हैं। बंद्योपाध्याय के स्वागत में ही मंगलवार को अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
यह घटना यादववपुर विश्वविद्यालय में कथित तौर पर रैगिंग के कारण एक छात्र की मौत के एक महीने बाद हुई है। उस घटना के सिलसिले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY