जरुरी जानकारी | रिफंड की मांग के 48 घंटों में 98.5 प्रतिशत मामलों का निपटानः बायजू

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर शिक्षा-प्रौद्योगिकी कंपनी बायजू अपने ग्राहकों का धनवापसी अनुरोध मिलने के 48 घंटे के अंदर 98.5 प्रतिशत मामलों का निपटान कर देती है। कंपनी ने शुक्रवार को बाल अधिकार निकाय एनसीपीसीआर को सौंपे अपने बयान में यह बात कही है।

बायजू ने गलत बिक्री के आरोप पर खुद का बचाव करते हुए कहा कि यह अपने बिक्री कर्मचारियों और प्रबंधकों को ऐसे ग्राहकों का पीछा करने का आदेश या प्रोत्साहन नहीं देता है जो इसके उत्पादों में रुचि नहीं रखते हैं या भुगतान करने में असमर्थ हैं।

कंपनी ने बयान में कहा, ''बायजू ने कहा कि इसकी सभी उत्पादों और सेवाओं के लिए मजबूत लिखित वापसी नीति है। प्रत्येक खरीद संपर्क बिंदु पर, ग्राहक को धनवापसी नीति की शर्तों के बारे में सूचित किया जाता है।''

बयान में यह भी कहा गया है, ''98.5 प्रतिशत रिफंड अनुरोध जो इसे आधिकारिक चैनलों के जरिये प्रस्तुत किए जाते हैं, 48 घंटों के भीतर निपटा दिए जाते हैं।''

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग एनसीपीसीआर ने मामले का संज्ञान लेते हुए कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बायजू रवींद्रन को 23 दिसंबर को पेश होने के लिए समन भेजा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)