गुजरात में बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, 24 घंटों में COVID-19 के 710 नए केस
गुजरात में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 710 नए मरीजों की पुष्टि हुई जिसके बाद कुल मामले 2,75,907 पहुंच गए.
अहमदाबाद, 11 मार्च: गुजरात में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 710 नए मरीजों की पुष्टि हुई जिसके बाद कुल मामले 2,75,907 पहुंच गए. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में दैनिक मामले 480 से बढ़कर 710 पहुंच गए हैं. विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से किसी की मौत नहीं हुई है. विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस दौरान 451 मरीज संक्रमण से उबरे हैं जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 2,67,701 हो गई है.
गुजरात में संक्रमण से मुक्त होने की दर गिरकर 97.03 पर आ गई है जो पिछले हफ्ते 97.36 प्रतिशत थी. राज्य में 3788 मरीज संक्रमण का इलाज करा रहे हैं. सूरत जिले में सबसे ज्यादा 201 नए मामले हैं. इसके बाद अहमदाबाद में 153, वडोदरा में 95 और राजकोट में 77 नए मामले आए हैं.
विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्य में 17.24 लाख लोगों ने कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ली है जबकि आज की तारीख तक 4.25 लाख अन्य को टीके की दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है.
इस बीच पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस का कोई मामले रिपोर्ट नहीं हुआ.
केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि कुल 3398 लोगों को संक्रमण हुआ था जिनमें से दो की मौत हुई है और 3376 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि 20 संक्रमितों का इलाज चल रहा है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 11, 2021 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

