देश की खबरें | उत्तरप्रदेश के 17 जिलों के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं । शारदा, राप्ती और घाघरा नदियां अलग-अलग जगहों पर खतरे के निशान को पार कर गयी हैं ।
लखनऊ, छह अगस्त उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं । शारदा, राप्ती और घाघरा नदियां अलग-अलग जगहों पर खतरे के निशान को पार कर गयी हैं ।
राज्य के राहत आयुक्त संजय गोयल ने बृहस्पतिवार को बताया कि आंबेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बस्ती, गोण्डा, गोरखपुर, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, मऊ, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और सीतापुर बाढ़ से प्रभावित हुआ है ।
यह भी पढ़े | चंडीगढ़ में COVID-19 मामलों की कुल संख्या 1,327 हुई : 6 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
उन्होंने सिंचाई विभाग की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि शारदा, राप्ती और घाघरा नदियां अलग-अलग जगहों पर खतरे के निशान को पार कर गयी हैं ।
गोयल ने बताया कि पलियांकला (लखीमपुर खीरी) में शारदा, बर्डघाट (गोरखपुर) में राप्ती, एल्गिनब्रिज (बाराबंकी), अयोध्या और तुर्तीपार (बलिया) में सरयू—घाघरा नदी खतरे के निशान से उपर बह रही है ।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर से खबर मिली है कि राप्ती नदी में एक तटबंध से पानी रिस रहा है और मऊ जिले के एक तटबंध पर भूमि क्षरण हुआ है । दोनों ही जगहों पर मरम्मत का कार्य चल रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ।
मऊ में बाढ से लगभग 5000 परिवार प्रभावित हुए हैं । तीन प्रभावित गांवों में फंसे 20 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है ।
गोयल ने बताया कि राज्य के अन्य हिस्सों में तटबंधों और पुलों को कोई खतरा नहीं है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की 16 टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात की गयी हैं । कुल 219 आश्रय स्थल बनाये गये हैं और 983 नावों को तैनात किया गया है ।
उन्होंने बताया कि 712 बाढ चौकियां स्थापित की गयी हैं और 249 मेडिकल टीमें भी तैनात हैं । प्रभावित लोगों को राशन किट और भोजन के पैकेट वितरित किये जा रहे हैं ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिये हैं कि तटबंधों पर लगातार गश्त की जाए और भूमि क्षरण रोकने के कदम उठाये जाएं । राहत कार्यों में नौकाओं का उपयोग किया जाए । मुख्यमंत्री ने रोगों से निपटने के लिए दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)