देश की खबरें | यमन से आपात स्थिति में लाये गये 62 मरीजों का चल रहा है बेंगलुरू के अस्पताल में इलाज
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरू, 23 दिसंबर बेंगलुरू का एक निजी अस्पताल यमन के विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे 62 मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है । करीब नौ महीने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे इन मरीजों को तत्काल प्रतिरोपण समेत अन्य चीजों की आवश्यकता थी, जिसके मद्देनजर केंद्र की मदद से उनकी आपात निकासी की गई।

इन मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ करीब 120 यात्रियों को आपात स्थिति में यमन से भारत लाया गया।

एस्टर अस्पताल ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया कि इनमें से अधिकतर मरीज गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

बयान में कहा गया है कि महामारी की वजह से यात्रा पर लगे प्रतिबंध के कारण इन मरीजों को अपना इलाज रोक देना पड़ा था ।

महामारी के दौरान इलाज और देखभाल में कई महीने की देरी के कारण इन मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ती जा रही थी। इससे यह संकेत मिला कि उन्हें चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है।

सभी मरीजों एवं उनके परिजनों के विमान में सवार होने से पहले और बेंगलुरू में उतरने के बाद कोविड-19 जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी है।

अस्पताल ने बताया कि 62 मरीजों में से 13 मामले युद्ध में घायल होने के हैं, जिनमें उनके घुटने एवं रीढ़ में चोट है। चार मरीजों को कैंसर के इलाज की आवश्यकता है। तीन मरीजों को अंग प्रतिरोपण की जरूरत है, जबकि दो मरीजों को दिल की बीमारी है।

वर्तमान में अफ्रीका एवं खाड़ी क्षेत्र के करीब 200 मरीजों ने आवेदन दिया है और उन्हें आगामी हफ्तों में आगे के इलाज के लिये अस्पताल लाया जायेगा ।

केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंदा गौड़ा के हवाले से बयान में कहा गया है, ‘‘अफ्रीका एवं खाड़ी देशों के विभिन्न मरीजों का आवेदन मिला था, जो महामारी के दौरान बेंगलुरू के अस्पताल में इलाज कराना चाहते थे, इसलिये हमने एस्टर अस्पताल के साथ सहयोग किया और यह सुनिनिश्चत किया कि इन मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)