COVID-19 Update: भारत में कोविड-19 के 42,618 नए मामले, 330 मरीजों की मौत
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 42,618 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,29,45,907 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,05,681 पर पहुंच गयी. उपचाराधीन मामलों में लगातार चौथे दिन वृद्धि दर्ज की गयी है.
नयी दिल्ली, 4 सितंबर : भारत में एक दिन में कोविड-19 (COVID-19) के 42,618 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,29,45,907 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,05,681 पर पहुंच गयी. उपचाराधीन मामलों में लगातार चौथे दिन वृद्धि दर्ज की गयी है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 330 और मरीजों के जान गंवाने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 4,40,225 पर पहुंच गयी. मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे की अवधि में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 5,903 की वृद्धि हुई. उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 1.23 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.43 प्रतिशत है. आंकड़ों के मुताबिक, दैनिक संक्रमण दर 2.50 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.63 प्रतिशत है. पिछले 71 दिनों से यह तीन प्रतिशत से कम रही है.
शुक्रवार को कोविड-19 का पता लगाने के लिए 17,04,970 नमूनों की जांच की गयी और इसी के साथ ही देश में अब तक जांचे गए नमूनों की जांच की संख्या 52,82,40,038 हो गयी है. देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक टीकों की 67.72 करोड़ खुराक दी जा चुकी है. मंत्रालय ने बताया कि जिन 330 और मरीजों ने जान गंवाई है उनमें से 131 लोगों की मौत केरल में और 92 की मौत महाराष्ट्र में हुई. इस महामारी से देश में अभी तक हुई कुल मौतों में से 1,37,643 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 37,380 की कर्नाटक, 34,980 की तमिलनाडु, 25,082 की दिल्ली, 22,854 की उत्तर प्रदेश, 21,280 की केरल और 18,483 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई. यह भी पढ़ें : COVID-19 Update: दुनियाभर में कोरोनावायरस के मामले 21.97 करोड़ से ज्यादा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है. देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2021 11:35 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

