देश की खबरें | अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता-2023 में 4000 प्रतिभागी शामिल हुए

नयी दिल्ली, 17 सितंबर दक्षिण कोरिया और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मनाने के लिए शनिवार को आयोजित अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता-2023 में चार हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने कोरियाई संस्कृति के प्रति अपने साझा प्रेम को दर्शाया।

भारतीय कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र (केसीसीआई) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह केसीसीआई द्वारा यहां त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया था।

इस कार्यक्रम में भारत में कोरिया गणराज्य के राजदूत चांग जे-बोक ने भाग लिया। इस अवसर पर एलजी-इंडिया के प्रबंध निदेशक होंग जू-जियोन भी शामिल हुए।

दिल्ली की प्राची शर्मा और ईटानगर स्थित समूह 'विद नाइन' को क्रमशः गायन और नृत्य श्रेणियों में विजेता घोषित किया गया।

इसके अलावा जयश्री श्रुति (बेंगलुरु) और मान्या सिंह (लखनऊ) गायन वर्ग में प्रथम और द्वितीय उपविजेता रहीं। वहीं, ग्रुप आउटकास्ट्स (दिल्ली) और एक्सिओम (मुंबई) ने नृत्य श्रेणी में क्रमशः प्रथम और द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।

के-पॉप प्रतियोगिता-2023 के समापन समारोह के विजेताओं को दक्षिण कोरिया जाने का अवसर मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)