(तस्वीरों के साथ)
डोडा, 15 नवंबर जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई जिससे कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जेके02सीएन-6555 पंजीकरण संख्या वाली बस में करीब 58 यात्री सवार थे। यात्रियों से भरी यह बस बटोटे-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क से फिसल गई और खाई में गिर गई।
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और कुछ शव बरामद किये गये हैं। इस हादसे में मृतकों की संख्या के बढ़ने की आशंका है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने यहां एक संदेश में कहा, ‘‘सुबह करीब 11:50 बजे, जेके02सीएन-6555 पंजीकरण संख्या वाली बस राजमार्ग पर ट्रुंगल-अस्सार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें 36 लोगों की मौत हो गई और 19 घायल हो गए। यह बस किश्तवाड़ से जम्मू की ओर जा रही थी। बचाव अभियान जारी है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए स्थानांतरित करने के वास्ते कर्मियों और मशीनरी को काम पर लगाया गया है।’’
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने एक बयान में कहा कि इस दुर्घटना में 38 लोगों की मौत हो गयी, 32 यात्रियों को शुरू में मृत घोषित कर दिया गया जबकि 20 अन्य घायल हो गए।
लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा, ‘‘ भारतीय सेना ने तत्परता और समन्वय का परिचय देते हुए सराहनीय काम करते हुए प्रशासन के सहयोग से, सीओबी अस्सार से बटोटे की ओर लगभग चार किमी दूर, वानी मोड़ के पास अस्सार में राष्ट्रीय राजमार्ग- 244 पर एक गंभीर दुर्घटना के मद्देनजर एक त्वरित बचाव अभियान चलाया गया।’’
बर्तवाल ने कहा कि शवों को अस्सार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और डोडा सिविल अस्पताल भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि घटना के समय बस में कुल 58 लोग सवार थे।
डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह ने कहा कि इस दुर्घटना में 37 लोगों की मौत हो गयी जबकि 19 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार को जम्मू के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
हरविंदर सिंह ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बस निर्धारित दिशा की ओर नहीं चल रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY