ताजा खबरें | ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 35,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गए

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 25 मई को होने वाले मतदान के लिए करीब 35,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किये गये है जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 121 कंपनियां, ओडिशा सशस्त्र पुलिस के 106 प्लाटून और 19,865 पुलिसकर्मी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भुवनेश्वर, 24 मई ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 25 मई को होने वाले मतदान के लिए करीब 35,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किये गये है जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 121 कंपनियां, ओडिशा सशस्त्र पुलिस के 106 प्लाटून और 19,865 पुलिसकर्मी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

ओडिशा में इस चरण में छह संसदीय क्षेत्रों-- भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल, क्योंझर, पुरी और संबलपुर तथा उनके अंतर्गत आने वाले 42 विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को वोट डाले जायेंगे। ओडिशा में चुनाव का यह तीसरा चरण है तथा अखिल भारतीय स्तर पर यह छठा चरण है।

राज्य में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव साथ-साथ कराये जा रहे हैं।

ओडिशा में शनिवार को 10 जिलों के 7646 स्थानों पर 10551 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

पुलिस महानिदेशक अरूण सारंगी ने शुक्रवार को यहां बताया कि इन मतदान केंद्रों में से 20 प्रतिशत को संवेदनशील घोषित किया गया है तथा उन पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव सुचारू ढंग से कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के पांच आईपीएस अधिकारियों को संबलपुर, खुर्दा, क्योंझर और कटक जिलों में तैनात किया गया है जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रैंक के 42 विधानसभा पर्यवेक्षण अधिकारियों को भी त्वरित बल के साथ तैनात किया गया है।

सारंगी ने कहा कि 84 पुलिस उपाधीक्षक त्वरित बल के साथ कानून व्यवस्था बनाये रखेंगे यानी हर विधानसभा क्षेत्र में दो पुलिस उपाधीक्षक होंगे।

उन्होंने कहा कि नकदी, हथियारों, शराब एवं अन्य अवैध पदार्थों के राज्य में आने पर रोक लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरा सुविधा वाली 17 अंतरराज्यीय सीमा चौकियां तथा 116 अंतरराज्यीय सीमा चौकियां स्थापित की गयी है।

उन्होंने कहा कि 25 स्थानों पर ‘ईवीएम स्ट्रांग रूम’ स्थापित किये गये हैं जिनकी द्विस्तरीय सुरक्षा एवं निगरानी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल एवं राज्य सशस्त्र पुलिस के हाथों में होगी।

निर्वाचन आयोग ने हर संसदीय क्षेत्र के लिए एक पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके अलावा राज्य में विशेष पुलिस पर्यवेक्षक भी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\