विदेश की खबरें | बांग्लादेश की बूढ़ी गंगा नदी में नौका पटलने से 32 लोगों की मौत

ढाका, 29 जून बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को बूढ़ी गंगा नदी में 100 से अधिक लोगों को ले जा रही एक नौका एक बड़े जहाज से टक्कर लगने के कारण पलट गई, जिसमें कम से कम 32 लोगों की डूबने से मौत हो गई और कई लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बांग्लादेश अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ''ऐसा प्रतीत होता है कि दुर्घटना दोनों चालकों की लापरवाही की वजह से हुई।''

यह भी पढ़े | ईरान ने डोनल्ड ट्रंप की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया, इंटरपोल से मांगी मदद.

बचावकर्ताओं ने आशंका जतायी है कि घटना के समय नौका में कई यात्री फंसे रह गए होंगे। यह दुर्घटना पुराने ढाका के श्यामबाजार इलाके में सुबह करीब 9:30 बजे हुयी।

प्राधिकरण के अधिकारी ने कहा, ''अब तक 32 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है।''

यह भी पढ़े | पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर हमला, 11 की मौत, आतंकियों का बंधक बनाने का प्रयास विफल.

समाचार चैनलों के अनुसार मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। अधिकतर शवों की पहचान कर ली गयी है और उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।

'मॉर्निंग बर्ड' नामक यह नौका मुंशीगंज से ढाका आ रही थी। इस दौरान वह सदरघाट टर्मिनल के पास लगभग 1,000 यात्रियों को ला रहे 'मयूर-2' जहाज से टक्कर लगने से पलट गई।

नौसेना और तटरक्षक गोताखोर अग्निशमन सेवा के बचाव दल में शामिल हो गए हैं, जबकि बांग्लादेश अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरण के एक बचाव जहाज को डूब चुकी मॉर्निंग बर्ड नौका को निकालने के लिये तैनात कर दिया गया है।

दुर्घटना के बाद, मयूर-2 का मालिक और अन्य कर्मचारी घटनास्थल से फरार हो गए और छिप गए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मालिक सहित अन्य कर्मचारियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया है।

इस बीच, अधिकारियों को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें तेजी से आ रहे मयूर -2 को जीर्ण-शीर्ण मार्निंग बर्ड नौका को पीछे से टकराते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद नौका एक मिनट के अंदर ही डूब जाती है।

जहाजरानी मंत्री खालिद महमूद चौधरी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना सुनियोजित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह सुनियोजित नरसंहार का मामला भी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और अगर जांच में यह बात आती है कि इसे जानबूझकर अंजाम दिया गया तो हत्या से संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)