लखनऊ/उन्नाव, 16 सितंबर उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण लखनऊ में मलबे के नीचे दबने से नौ मजदूरों समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए वर्षा जनित हादसों में शुक्रवार को कुल 22 लोगों की मौत हो गयी। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध करायी गयी ताजा जानकारी के अनुसार, जनपद लखनऊ में अतिवृष्टि से नौ, उन्नाव में पांच, फतेहपुर में तीन, झांसी में एक, रायबरेली में एक, प्रयागराज में दो तथा सीतापुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगतों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश से चारदीवारी गिरने से जहां लखनऊ में नौ मजदूरों की मौत हुई है, वहीं उन्नाव जिले में कच्ची दीवार और झोपड़ी ढहने की तीन घटनाओं में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि रायबरेली में पक्का मकान से गिरने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी और उसके माता-पिता, भाई-बहन घायल हो गये। वहीं प्रयागराज जिले में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर दो मासूम बच्चों की मृत्यु हो गई।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लखनऊ के दिलकुशा इलाके में बृहस्पिवार को रात भर हुई भारी बारिश के कारण ‘आर्मी एन्क्लेव’ की चारदीवारी गिरने से झांसी जिले के रहने वाले कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने बताया कि चाहरदीवारी ढहने से मरने वाले मजदूर दीवार के पास झोपड़ा बनाकर उसमें रह रहे थे।
लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि रातभर हुई बारिश के बाद एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY