COVID-19: भारत में कोविड-19 के 21,411 नए मामले, 67 मरीजों की मौत
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 21,411 नए मामले आने के साथ ही शनिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,38,68,476 पर पहुंच गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,50,100 हो गई.
नयी दिल्ली, 23 जुलाई : भारत में एक दिन में कोविड-19 के 21,411 नए मामले आने के साथ ही शनिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,38,68,476 पर पहुंच गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,50,100 हो गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 67 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,25,997 हो गई है. उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.34 प्रतिशत है. कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 98.46 प्रतिशत दर्ज की गई है.
आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 618 की वृद्धि हुई है. वहीं, संक्रमण की दैनिक और साप्ताहिक दर 4.46 प्रतिशत दर्ज की गई है. देश में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,31,92,379 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गई है. वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 201.68 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं. यह भी पढ़े : Maharashtra: नो पार्किंग जोन में खड़ी स्कूटर को सवार मालिक के साथ ट्रैफिक पुलिस ने उठाया, नागपुर से वायरल हुआ वीडियो
गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर 2020 को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2022 11:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

