मुंबई, चार जनवरी मुंबई पुलिस ने ‘उमरा’ पर जाने की इच्छा रखने वाले बेंगलुरू के 21 लोगों के साथ ठगी करने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि उसका सहयोगी अब भी वांछित है। हज के अलावा आम दिनों में सऊदी अरब में मक्का और मदीना की धार्मिक यात्रा को ‘उमरा’ कहा जाता है।
नगर पुलिस ने कहा कि बेंगलुरू के एक ‘टूर एजेंट’ ने उसे शिकायत दी थी।
शिकायत में कहा गया है कि मुंबई के माहिम इलाके में स्थित एक टूर-ऑपरेटर और उसके सहयोगियों ने शिकायतकर्ता और उनके ग्राहकों से 26 लाख रुपये की कथित रूप से ठगी की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने इराक और ईरान के रास्ते मक्का की यात्रा कराने और वीज़ा का इंतज़ाम करने का वादा किया था।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि पैसे लेने के बाद आरोपी गायब हो गए।
पुलिस ने एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए यह झूठा दावा किया कि वे माहिम दरगाह ट्रस्ट से जुड़े हुए हैं।
उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120-बी (साज़िश रचने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY