देश की खबरें | कोटा में 17 वर्षीय जेईई अभ्यर्थी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

कोटा (राजस्थान), आठ जुलाई कोटा में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहे एक 17 वर्षीय अभ्यर्थी ने यहां अपने छात्रावास के कमरे में कथित रूप से फांसी लगा ली। कोटा में इस वर्ष छात्र की खुदकुशी का यह 15वां मामला है। पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यहां महावीर नगर इलाके में रह रहे छात्र बहादुर सिंह का शव शनिवार सुबह उसके कमरे के पंखे से लटका हुआ मिला।

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले का निवासी बहादुर दो महीने पहले ही यहां आया था। वह 11वीं कक्षा का छात्र था और यहां एक कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था।

महावीर नगर सर्किल निरीक्षक परमजीत पटेल ने कहा कि बहादुर ने शुक्रवार रात अपने छात्रावास के कमरे में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पटेल ने कहा कि शनिवार सुबह बहादुर के एक दोस्त ने उसके शव को पंखे से लटका हुआ पाया, जिसकी सूचना उसने छात्रावास की देखभाल करने वाले व्यक्ति को दी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस छात्रावास पहुंची और अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

उन्होंने कहा कि बहादुर पिछले तीन- चार दिनों से अपनी कोचिंग कक्षाओं में कथित रूप से अनुपस्थित था।

पटेल ने कहा कि पुलिस उसके बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

अधिकारी ने कहा कि कथित आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। उन्होंने कहा कि उसके (बहादुर) कमरे से कोई 'सुसाइड नोट' भी नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि बहादुर के शव को शवगृह में रखा गया है और उसके परिजनों के यहां पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

कोटा में तैयारी कर रहे छात्र की हत्या का यह 15वां मामला है। पिछले साल भी कम से कम 15 अभ्यर्थियों ने आत्महत्या की थी। चिकित्सा और इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा को पास करने के लक्ष्य के साथ इस शैक्षणिक सत्र में शहर के अलग-अलग कोचिंग केंद्रों पर 2.25 लाख से ज्यादा छात्रों के अध्ययनरत होने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)