एजेंसी न्यूज

Bolivia: बोलीविया में तख्तापलट की साजिश में 17 और लोग गिरफ्तार- सरकार

कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य एडुआर्डो डेल कैस्टिलो ने गिरफ्तार किए गए 17 अन्य लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी. हालांकि गिरफ्तार किए गए एक शख्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह एक आम नागरिक था जिसकी पहचान एनीबल एगुइलर गोमेज के रूप में हुई है.

Bolivia: बोलीविया में तख्तापलट की साजिश में 17 और लोग गिरफ्तार- सरकार
Representative Image

कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य एडुआर्डो डेल कैस्टिलो ने गिरफ्तार किए गए 17 अन्य लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी. हालांकि गिरफ्तार किए गए एक शख्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह एक आम नागरिक था जिसकी पहचान एनीबल एगुइलर गोमेज के रूप में हुई है. उन्होंने गोमेज को इस पूरे घटनाक्रम का ‘‘मुख्य साजिशकर्ता’’ बताया. डेल कैस्टिलो ने कहा कि सरकार अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और यह भी बताया कि कथित साजिशकर्तओं ने मई में ही इसको लेकर षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया था.

बोलीविया की राजधानी में आज सेना के एक शीर्ष जनरल के नेतृत्व में सैनिकों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोल दिया और फिर तुरंत पीछे हट गए. इस पूरे घटनाक्रम को देश में सैन्य तख्तापलट की नाकाम कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. राजधानी में कुछ समय के लिए फैली अशांति के बाद धीरे-धीरे शांति लौट रही है. इस घटना के कारण लंबे समय से संकटग्रस्त दक्षिण अमेरिकी देश में अराजकता फैलने का खतरा पैदा हो गया था. बुधवार को 1.20 करोड़ की आबादी वाला राष्ट्र हैरत और हैरानी में था, जब बख्तरबंद वाहनों के सेना के काफिले ने राष्ट्रपति लुइस एर्से की सरकार को हटाकर तख्तापलट करने की कोशिश की. सेना ने राजधानी के प्रमुख चौराहे पर बख्तरबंद वाहनों के दम पर नियंत्रण कर लिया, राष्ट्रपति भवन पर टैंक से हमला कर दिया तथा सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े. यह भी पढ़ें : अंतरिक्ष में फंसी सुनीता विलियम्स को वापस लाने के लिए एलन मस्क से मदद मांग सकती है NASA!

देश के सेना प्रमुख जनरल जुआन जोस जुनिगा ने राष्ट्रपति भवन से संवाददाताओं के एक समूह को संबोधित करते हुए ''लोकतंत्र को बहाल करने'', मंत्रिमंडल को बदलने और राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की शपथ ली. लेकिन, जब विपक्षी नेताओं ने इस तख्तापलट की कोशिश की निंदा की, तो यह स्पष्ट हो गया कि इस तख्तापलट को कोई सार्थक राजनीतिक समर्थन नहीं मिला है. राष्ट्रपति लुइस एर्से ने अडिग रहने का प्रण लिया, साथ ही सेना के एक नए कमांडर की नियुक्ति की जिसने सैनिकों को पीछे हटने का आदेश दिया. बाद में सैनिक पीछे हट गए. इस बीच, राष्ट्रपति के सैकड़ों समर्थक ‘सेंट्रल स्क्वायर’ में एकत्र हुए और उन्होंने देश के ध्वज लहराए. घटना से संबंधित एक वीडियो में राष्ट्रपति एर्से सरकारी भवन में मंत्रियों से घिरे हुए और यह कहते दिखते हैं, ‘‘ हम यहां कासा ग्रैंड में हैं और सैन्य तख्तापलट की किसी भी कोशिश का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं. हम चाहते हैं कि बोलीविया की जनता एकजुट हो.’’

बोलीवियाई टेलीविजन पर प्रसारित एक वीडियो में राष्ट्रपति ने सरकारी भवन के गलियारे में सेना के जनरल कमांडर जुआन जोस जुनिगा को चेतावनी देते हुए कहा ‘‘मैं आपका कप्तान हूं और आपको अपने सैनिकों को वापस बुलाने का आदेश देता हूं....’’

वहीं, सरकारी भवन में प्रवेश करने से पहले जुनिगा ने प्लाजा में पत्रकारों से कहा, ‘‘निश्चित रूप से जल्द ही मंत्रियों का एक नया मंत्रिमंडल होगा. हमारा देश, हमारा राज्य इस तरह नहीं चल सकता.’’ साथ ही, उन्होंने कहा कि वह ‘‘फिलहाल’’ एर्से को ‘कमांडर इन चीफ’ मानते हैं. जुनिगा ने स्पष्ट रूप से यह नहीं कहा कि वह तख्तापलट का नेतृत्व कर रहे हैं लेकिन यह जरूर कहा कि सेना ‘‘लोकतंत्र को बहाल करने और राजनीतिक कैदियों को रिहा कराने’’ की कोशिश कर रही है. राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में ‘‘लोकतंत्र का सम्मान करने’’ का आह्वान किया. यह संदेश ऐसे वक्त में आया जब बोलीवियाई टेलीविजन ने अपनी खबर में सरकारी भवन के सामने दो टैंक और सेना की वर्दी पहने कई लोगों को दिखाया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2024 01:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).