देश की खबरें | अफगानिस्तान से निकाले गए 146 भारतीय दोहा से भारत लौटे

नयी दिल्ली, 23 अगस्त अफगानिस्तान से निकाले गए भारत के 146 भारतीय नागरिक कतर की राजधानी से चार अलग-अलग विमानों के जरिये सोमवार को भारत पहुंचे।

इन नागरिकों को अमेरिका और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के विमान के जरिए पिछले कुछ दिन में काबुल से दोहा ले जाया गया था।

मामले से संबंधित जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद तनावग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों और अफगान भागीदारों को निकालने के भारत के अभियान के तहत इन लोगों को दिल्ली लाया गया। काबुल में निकासी अभियान शुरू करने के बाद दोहा से भारत लाया गया यह भारतीयों का दूसरा जत्था है। इससे पहले, रविवार को दोहा से एक विशेष विमान के जरिये 135 भारतीय दिल्ली पहुंचे थे।

दोहा से स्वदेश लौटे भारतीयों के दूसरे जत्थे में से 104 लोगों को ‘विस्तारा’ की उड़ान से, 30 को ‘कतर एयरवेज़’ और 11 को ‘इंडिगो’ की उड़ान से वापस लाया गया। एक व्यक्ति ‘एअर इंडिया’ की उड़ान से भी लौटा।

अफगानिस्तान की राजधानी से अपने नागरिकों को बाहर निकालने के अपने प्रयासों के तहत भारत तीन उड़ानों के जरिए दो अफगान सांसदों समेत 392 लोगों को रविवार को देश वापस लाया था।

अमेरिकी सैनिकों की स्वदेश वापसी की पृष्ठभूमि में तालिबान ने अफगानिस्तान में इस महीने तेजी से अपने पांव पसारते हुए राजधानी काबुल समेत वहां के अधिकतर इलाकों पर कब्जा जमा लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)