देश की खबरें | देश में कोविड-19 के 14,348 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में एक दिन में 14,348 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के कारण महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 3,42,46,157 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,61,334 पर पहुंच गयी है।
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर भारत में एक दिन में 14,348 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के कारण महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 3,42,46,157 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,61,334 पर पहुंच गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से केरल में 708 मरीजों समेत 805 लोगों के और जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,57,191 हो गयी है। केरल ने पिछले कुछ दिनों में संक्रमण से मौत के मामलों का पुन: मिलान किया है।
केरल सरकार की बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में 708 मौतों में से 56 मरीजों की मौत पिछले कुछ दिनों में हुई जबकि मौत के 542 मामले ऐसे हैं जिनकी पिछले साल 18 जून तक पर्याप्त दस्तावेज की कमी के कारण पुष्टि नहीं हो पायी थी। वहीं, मौत के 110 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है।
मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस के दैनिक मामले लगातार 35वें दिन 30,000 से कम और लगातार 124वें दिन 50,000 से कम हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.47 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 98.19 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों में कोविड-19 का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 345 मामलों की वृद्धि दर्ज की गयी है। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,36,27,632 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत हो गयी है।
आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 1.12 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह पिछले 25 दिनों से दो प्रतिशत से कम रही है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी 1.18 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह पिछले 35 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 104.82 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
मंत्रालय के अनुसार, देश में अभी तक महामारी के 4,57,191 मरीजों की मौत हुई है जिनमें से महाराष्ट्र में 1,40,134 लोगों की, कर्नाटक में 38,054 लोगों की, तमिलनाडु में 36,072 लोगों की, केरल में 30,685 लोगों की, दिल्ली में 25,091 लोगों की, उत्तर प्रदेश में 22,900 लोगों की और पश्चिम बंगाल में 19,105 मरीजों की मौत हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 29, 2021 11:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

