देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में सड़क हादसे में 14 बारातियों की मौत, 17 घायल

जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 20 जनवरी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में पत्थर लदे एक ट्रक और कार में भिंड़त हो गई जिसके बाद ट्रक पलट कर दो अन्य वाहनों पर गिर गया जिससे 14 बारातियों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दुर्घटना मंगलवार रात को धुपगुड़ी ब्लॉक के जलढाका इलाके में हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों को मुआवजा देने की घोषणा की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारातियों की कारें राजमार्ग पर गलत दिशा से धुपगुड़ी की ओर जा रही थीं और घने कोहरे की वजह से यह टक्कर हुई।

पहले कार और ट्रक में भिड़ंत हुई जिससे वह तेजी से किनारे की तरफ चली गई और टक्कर के कारण ट्रक से पत्थर गिरने लगे।

अधिकारी ने कहा कि चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रक एक ओर झुककर अन्य दो कारों पर गिर गया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को 2.5 - 2.5 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने पुरुलिया में एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 50,000 और अन्य घायलों को 25,000 हजार रुपए देगी।

बनर्जी ने कहा, ‘‘जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नहीं की जा सकती, लेकिन मैं परिवारों से कहना चाहती हूं कि सरकार उनके साथ हैं। हम मृतकों के परिजन को और हादसे में घायल हुए लोगों को अनुग्रह राशि मुहैया करा रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सड़क हादसे से वह बेहद दुखी हैं।

उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के मुआवजे की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)