एजेंसी न्यूज

दिल्ली में हादसे में 13 साल के बच्चे की मौत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

दिल्ली में 34 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी कार से एक साइकिल को टक्कर मारकर एक किशोर की हत्या करने और एक युवक को गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

दिल्ली में हादसे में 13 साल के बच्चे की मौत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Twitter)

नयी दिल्ली, 18 मई : दिल्ली में 34 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी कार से एक साइकिल को टक्कर मारकर एक किशोर की हत्या करने और एक युवक को गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम वीर (13) है और वह हौज खास के पास एक झुग्गी बस्ती में रहता था. घायल का नाम देव मंडल (18) है. वह भी उसी झुग्गी बस्ती का निवासी है, जहां वीर रहता था. उन्होंने आरोपी की पहचान ग्रेटर कैलाश निवासी धनंजय मलिक के रूप में की है.

पुलिस के मुताबिक हादसा 14 मई की शाम करीब साढ़े चार बजे दक्षिणी दिल्ली के अगस्त क्रांति मार्ग पर हुआ, जब मंडल और वीर साइकिल से घर वापस जा रहे थे. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जब वे शाहपुर जाट ट्रैफिक सिग्नल के पास अगस्त क्रांति मार्ग के पास पहुंचे, तो एक कार पीछे से तेज गति से आई और उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए.’’ मंडल और वीर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस उपायुक्त बेनिता मैरी जैकर ने कहा कि मंडल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हौज खास पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. यह भी पढ़ें : निर्वाचन आयोग ‘चुनावी सत्यनिष्ठा पर लोकतंत्र समूह’ का नेतृत्व करेगा

जैकर ने कहा कि मलिक को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और उसकी कार भी जब्त कर ली गई है. मंगलवार दिन में करीब तीन बजे अस्पताल के अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया कि वीर ने दम तोड़ दिया. इसके बाद, मलिक पर आईपीसी की धारा 304 ए (लापरवाही के चलते हुई मौत) के तहत भी मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वीर का शव उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2022 01:09 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).