देश की खबरें | दिल्ली के बवाना में नहर में डूबने से 13 वर्षीय लड़के की मौत

नयी दिल्ली, 27 मार्च दिल्ली के बवाना इलाके में बृहस्पतिवार को दो भाई नहर में डूब गए, जिसमें से एक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सुबह 7:15 बजे बवाना पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें अधिकारियों को दो बच्चों के डूबने के बारे में सूचित किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमें पता चला कि कैलाश कुमार के बेटे रोहित (13) और मोहित (9) तट के पास खेलते समय डूब गए। यह जानकारी उनके 11 वर्षीय दोस्त ने दी।"

उन्होंने कहा, "त्वरित कार्रवाई की गई तथा दिल्ली अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया।"

अधिकारी ने बताया कि बचाव कर्मियों ने गहन तलाश के बाद रोहित को बरामद कर लिया और उसे बवाना के एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद शव को आगे की जांच के लिए बीएसए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मोहित का पता लगाने का प्रयास अब भी जारी है तथा कई बचाव एजेंसियां ​​खोज में लगी हुई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)