देश की खबरें | राजस्थान से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद

जयपुर, 15 जून सुरक्षा बलों ने शनिवार को राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी कर लाई जा रही 12 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हेरोइन की अनुमानित कीमत 60 करोड़ रुपये है।

उसने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने जिले के अनूपगढ़ और समेजा कोठी थाना क्षेत्रों से छह-छह किलोग्राम वजन की हेरोइन की दो खेप बरामद की, इन्हें ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से तस्करी कर लाया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में आज सुबह कैलाश चौकी के पास ‘13 के गांव’ में ड्रोन की आवाज सुनने के बाद बीएसएफ के जवानों ने गोलियां चलाईं।

संयुक्त तलाशी के दौरान बीएसएफ के जवानों और पुलिस कर्मियों को छह किलोग्राम वजन के हेरोइन के दो पैकेट मिले। इस खेप की कीमत 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि समेजा कोठी थाना क्षेत्र में दूसरी घटना में स्थानीय लोगों ने ड्रोन की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी और उस स्थान पर पहुंचे जहां तस्कर खेप लेने आए थे। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों और पुलिस दल को देखकर तस्करों ने गोलियां चला दीं और भागने में सफल रहे।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान 30 करोड़ रुपये मूल्य की छह किलोग्राम हेरोइन से भरे दो पैकेट बरामद किए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)