देश की खबरें | ओडिशा में कोविड-19 के 108 नए मरीज, लद्दाख में संक्रमण से कोई मौत नहीं

भुवनेश्वर, आठ मार्च ओडिशा में मंगलवार को कोविड-19 के 108 नए मामले आने के साथ संक्रमितों की संख्या 12,86,117 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। वहीं, लद्दाख में कोविड-19 के 11 नए मामले सामने आए। केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ओडिशा सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार राज्य में मंगलवार को संक्रमितों की दैनिक संख्या तीन माह में सबसे कम रही। इससे पहले, पिछले साल छह दिसंबर को 105 मामले आए थे। राज्य में सोमवार को 120 लोगों में संक्रमण की पष्टि हुई थी। बुलेटिन के मुताबिक नए मरीजों में 16 बच्चे हैं।

राज्य में मृतकों की संख्या 9101 बनी हुई है। पिछले दो दिनों से मौत का कोई मामला नहीं आया है। ओडिशा में फिलहाल 1196 उपचाराधीन मरीज हैं। राज्य में अब तक 12,75,767 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 225 लोग ठीक हो गए।

राज्य में संक्रमण दर 0.23 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान 46,156 नमूनों की जांच की गई।

वहीं,लद्दाख में नए मरीजों के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 28,130 हो गई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 117 पर पहुंच गई। केंद्र शासित प्रदेश में नए मामले लेह जिले में सामने आए।

अधिकारियों ने बताया कि लद्दाख में संक्रमण से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)