पुडुचेरी/गंगटोक/चेन्नई, पांच जनवरी पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर ने बृहस्पतिवार को केंद्र शासित प्रदेश के सभी 30 विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन जारी किया और अब मतदाताओं की संख्या 10,02,595 हो गई है।
जवाहर ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मतदाताओं की संख्या में 0.63 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नौ नवंबर, 2022 को मतदाता सूची के मसौदे में 9,96,295 मतदाता थे। जवाहर ने कहा कि सूची में 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग में 12,099 नए मतदाता हैं।
वहीं, सिक्किम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी (एसीईओ) पेमा ल्हादेन लामा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की मतदाता सूची में संशोधन के बाद 4,50,550 मतदाता हैं।
एक जनवरी, 2023 की योग्यता तिथि के अनुसार 4,50,550 मतदाताओं में से 2,27,406 पुरुष और 2,23,144 महिलाएं हैं।
उन्होंने राज्य की मान्यता प्राप्त और पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सिक्किम की संशोधित मतदाता सूची जारी करते हुए यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि हिमालयी राज्य में मतदाताओं की संख्या में 14.15 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है।
इसी तरह तमिलनाडु में बृहस्पतिवार को जारी फोटोयुक्त मतदाता सूची 2023 के विशेष सारांश पुनरीक्षण की एकीकृत अंतिम मतदाता सूची के अनुसार राज्य में मतदाताओं की संख्या 6,20,41,179 है। इनमें 3,04,89,866 पुरुष, 3,15,43,286 महिलाएं और 8,027 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यब्रत साहू ने यह जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY