देश की खबरें | नये कृषि कानून किसानों के पक्ष में हैं, उपज बढ़ाने के कई उपाय हैं शामिल : अर्जुन मुंडा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को कहा कि नये कृषि कानून किसानों के पक्ष में हैं और इनमें फसल की उपज बढ़ाने के लिए कई उपाय किए गए हैं।
जमशेदपुर (झारखंड), चार अक्टूबर केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को कहा कि नये कृषि कानून किसानों के पक्ष में हैं और इनमें फसल की उपज बढ़ाने के लिए कई उपाय किए गए हैं।
मुंडा ने रविवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा बनाये गये नये कृषि कानूनों के लागू होने से किसान अपने लाभ को ध्यान में रखते हुए सरकार के साथ-साथ किसी अन्य को भी अपनी फसल बेच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इन कृषि कानूनों में उपज को बढ़ाने के लिए कई उपाय किए गए हैं।
यह पूछे जाने पर कि जब नीति इतनी ही अच्छी थी तो मोदी सरकार की केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने क्यों इस्तीफा दिया? इस पर मुंडा ने कहा, ‘‘ अब उन्हें भी अहसास हो रहा है कि यह नीति किसानों के पक्ष में है।’’
हाथरस मामले पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में जनजातीय मामलों के मंत्री मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। अब सीबीआई इस मामले की पूरी जांच करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें इस मामले के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।’’
बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की अगुवाई में एक बार फिर से वहां राजग की सरकार बनेगी। नीतीश के विकास मॉडल को लोगों ने काफी सराहा है।
मुंडा ने शनिवार को रांची में संवाददाता सम्मेलन कर नये कृषि कानूनों को किसानों के हित में बताया था और कहा था कि कांग्रेस समेत अधिकतर विपक्षी पार्टियां इन कानूनों के बारे में किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं।
सं इन्दु ,
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)