विदेश

श्रीलंका बम ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या 359 हुई, 39 विदेशी शामिल

ईस्टर के दिन कुल आठ विस्फोटों में कम से कम 500 लोग घायल हुए हैं. मृतकों में 10 भारतीय शामिल हैं. इस्लामिक स्टेट ने इन हमलों की मंगलवार को जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया गया है और कहा गया है कि ईस्टर के मौके पर हमले के पीछे इस्लामिक स्टेट का हाथ है

श्रीलंका बम ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या 359 हुई, 39 विदेशी शामिल
श्रीलंका सीरियल ब्लास्ट (Photo Credits: IANS)

श्रीलंका (Sri Lanka) में रविवार को ईस्टर के दिन सीरियल बम ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 359 हो गई है. श्रीलंका के रक्षा राज्य मंत्री रुवान विजयवर्धने (Def Min, Ruwan Wijewardene) ने मीडिया से कहा कि मृतकों में 39 विदेशी हैं जिनमें से 17 शवो की पहचान उनके परिजनों ने कर ली है. रुवान विजयवर्धने ने बताया कि एक ब्लास्ट जो सोवाय सिनेमा के मिले बम को पहले डिफ्यूज करने की कोशिश की गई. लेकिन जब मुश्किल आई तो उन्होंने पूरे इलाके को खाली कराया और ब्लास्ट किया.

ईस्टर के दिन कुल आठ विस्फोटों में कम से कम 500 लोग घायल हुए हैं. मृतकों में 10 भारतीय शामिल हैं. इस्लामिक स्टेट ने इन हमलों की मंगलवार को जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया गया है और कहा गया है कि ईस्टर के मौके पर हमले के पीछे इस्लामिक स्टेट का हाथ है. इस वीडियो में तीन आत्मघाती हमलावरों के फोटो थे.

यह भी पढ़ें:- श्रीलंका सीरियल ब्लास्ट का एक CCTV वीडियो आया सामने, संदिग्ध हमलावर हुआ कैमरे में कैद

बता दें कि श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने मंगलवार को कहा था कि वह देश के रक्षा बलों के शीर्ष पदों पर अगले 24 घंटे के भीतर बदलाव करेंगे. उन्होंने हमलों के बारे में खुफिया सूचनाएं होने के बावजूद वीभत्स आत्मघाती धमाकों को रोकने में रक्षा बलों के नाकाम रहने के बाद यह बयान दिया. जिसके बाद श्रीलंका में सुरक्षा हालात के मद्देनजर सभी सरकारी स्कूल 29 अप्रैल तक बंद रहेंगे.

वहीं श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा था कि यह संभव है कि ये हमले न्यूजीलैंड मस्जिद में हुए हमले के प्रतिक्रिया में किए गए हों, जिसमें 50 मुस्लिम मारे गए थे, और उस हमले के लिए ऑस्ट्रेलिया के एक श्वेत संदिग्ध को जिम्मेदार ठहराया गया था. जिसके बाद उन्होंने कहा कि कई देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों ने आतंकवाद से मुकाबले के लिए श्रीलंका को मदद की पेशकश की है. इन संगठनों में संयुक्त राष्ट्र भी शामिल है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2019 11:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).