Operation Kaveri: सूडान से 186 भारतीयों का एक और जत्था स्वदेश लौटा
हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को वापस लाने के भारत के अभियान ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत सोमवार को 186 भारतीय स्वदेश लौटे.
नयी दिल्ली, एक मई: हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को वापस लाने के भारत के अभियान ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत सोमवार को 186 भारतीय स्वदेश लौटे. भारत ने हिंसा से प्रभावित सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए पिछले सप्ताह ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया था. यह भी पढ़ें: Operation Kaveri: हिंसाग्रस्त सूडान से अबतक 2,300 भारतीय लौट देश
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘ऑपरेशन कोवरी के तहत भारतीय नागरिकों का लौटना जारी. 186 यात्रियों के साथ एक विमान कोच्चि पहुंचा.’’ ज्ञात हो कि रविवार को इस अभियान के तहत 229 भारतीय बेंगलूरू पहुंचे थे, जबकि इसके एक दिन पहले 365 भारतीय नागरिक दिल्ली आए. वहीं, इस निकासी अभियान के तहत शुक्रवार को दो जत्थों में 754 नागरिक भारत लौटे थे.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत लौटने वाले भारतीयों की संख्या 2,140 हो गई है। ‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत ने जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है. सूडान से निकाले जाने के बाद भारतीय नागरिकों को सऊदी अरब के इस शहर में लाया जा रहा है.
भारत ने सऊदी अरब के शहर जेद्दा में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है ताकि सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने में सुविधा हो सके. सूडान में करीब 3,000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा, आईएनएस तेग और आईएनएस तरकश शामिल हैं.
इसके अलावा भारतीय वायु सेना का विमान भी इसमें शामिल है. इस अभियान के तहत पोर्ट सूडान और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है. सूडान में सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2023 10:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

