Myanmar Earthquake: भूकंप से तबाह म्यांमार को 20 मिलियन डॉलर की मदद भेजेगा क्वाड
भूकंप की मार झेल रहे म्यांमार की मदद के लिए क्वाड के सदस्य देश ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका ने शुक्रवार को मदद का हाथ बढ़ाया. इन देशों ने सामूहिक रूप से म्यांमार की मदद के लिए 20 मिलियन की मानवीय सहायता देने का ऐलान किया.
नई दिल्ली, 4 अप्रैल : भूकंप की मार झेल रहे म्यांमार की मदद के लिए क्वाड के सदस्य देश ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका ने शुक्रवार को मदद का हाथ बढ़ाया. इन देशों ने सामूहिक रूप से म्यांमार की मदद के लिए 20 मिलियन की मानवीय सहायता देने का ऐलान किया.
अपनी फंडिंग और द्विपक्षीय प्रयासों के साथ क्वाड समूह राहत सामग्री की डिलीवरी को सुगम बना रहा है, आपातकालीन चिकित्सा दलों की तैनाती कर रहा है और भूकंप से प्रभावित लोगों की देखभाल के लिए म्यांमार में काम कर रहे मानवीय साझेदारों को मदद प्रदान कर रहा है. यह भी पढ़ें : जर्मन पुलिस ने बंद कराई बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी बड़ी वेबसाइट
ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका की सरकारों ने म्यांमार और थाईलैंड में आए बड़े भूकंप के बाद एक संयुक्त बयान जारी किया. बयान में उन्होंने भूकंप से हुई जान-माल की भारी हानि, लोगों के घायल होने और बुनियादी ढांचे के नष्ट होने पर गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की.
समूह ने हाल ही में अस्थायी, आंशिक युद्धविराम की प्रतिबद्धताओं का स्वागत किया और सभी पक्षों से आग्रह किया कि वे इन उपायों को लागू करें, बढ़ाएं और फैलाएं, ताकि म्यांमार में जीवन रक्षक मदद को समय पर पहुंचाने के लिए एक सुरक्षित माहौल बनाया जा सके. बयान में कहा गया, "हम 29 और 30 मार्च को आसियान विदेश मंत्रियों की तरफ से दिए गए बयानों और प्रभावित समुदायों को आसियान और क्षेत्र के देशों से मिली मदद का स्वागत करते हैं."
क्वाड सदस्य देशों ने कहा कि प्रभावित समुदायों की जरूरतों को पूरा करने, तेजी से मदद पहुंचाने और सही तरीके से सहायता वितरित करने के लिए उनकी मानवीय मदद और आपदा राहत साझेदारी ने एक समन्वय समूह बनाया है. यह समूह आसियान समन्वय केंद्र और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि आपदा प्रबंधन में मदद की जा सके.
क्वाड देशों ने 'स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत' के अपने साझा दृष्टिकोण के तहत, प्राकृतिक आपदाओं, क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए एक साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया. 2004 के हिंद महासागर भूकंप और सुनामी के बाद से, क्वाड समूह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में व्यावहारिक और प्रभावी मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रदान कर रहा है. 28 मार्च को म्यांमार में आए भूकंप में 3,000 से अधिक लोगों की जान चली गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2025 02:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

