Women's T20 Challenge 2019: रोमांचक मुकाबले में सुपरनोवाज ने वेलोसिटी को मात देते हुए खिताब किया अपने नाम

सुपरनोवाज ने शनिवार को सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले गए भारत की पहली महिला क्रिकेट लीग- महिला टी-20 चैलेंज में आखिरी गेंद तक खिंचे रोमांचक फाइनल में वेलोसिटी को चार विकेट से मात दे लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया.

सुपरनोवाज की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Photo Credits: IANS)

Women's T20 Challenge 2019: सुपरनोवाज (Supernovas) ने शनिवार को सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले गए भारत की पहली महिला क्रिकेट लीग- महिला टी-20 चैलेंज में आखिरी गेंद तक खिंचे रोमांचक फाइनल में वेलोसिटी (Velocity) को चार विकेट से मात दे लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया. मिताली की कप्तानी वाली वेलोसिटी ने मुश्किल से सुपरनोवाज के सामने 122 रनों का लक्ष्य रखा था. सुपरनोवाज की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 51 रनों की पारी खेल टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया, लेकिन वह आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गईं. लिया तहुहु (नाबाद 2) और राधा यादव (नाबाद 10) ने बाकी की चार गेंदों पर जरूरी सात रन बना अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाई.

मध्य के ओवरों में गिरते विकेट के सिलसिले के बीच हरमनप्रीत ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 37 गेंदों की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए. कम स्कोर का बचाव करने उतरी वेलोसिटी को एकता बिष्ट और सुषमा वर्मा की जुगलबंदी ने पहली सफलता दिलाई. सुपरनोवाज का कुल स्कोर नौ रन ही था तभी सलामी बल्लेबाज प्रिया पुनिया और चामारी अटापट्टू के बीच रन लेने को लेकर गलत फहमी हुई और अटापट्टा को विकेट देकर इसका भुगतान करना पड़ा. वह सिर्फ दो रन ही बना सकीं.

यह भी पढ़ें- India vs England Women Cricket 3rd ODI 2019: तीसरे वनडे मैच में मिली हार से दुखी कप्तान मिताली राज ने दिया बड़ा बयान, कहा- मध्यक्रम की कमजोरी बन रही है हार की वजह

यहां से प्रिया और जेम्मिाह रोड्रिगेज ने टीम को संभालते हुए टीम का स्कोर 53 रनों तक पहुंचाया. बल्ले से कमाल दिखा चुकी एमेलिया केर ने रोड्रिगेज को अपनी ही गेंद पर कैच लपक कर पवेलियन भेज दिया. उन्होंने 25 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए. यहां से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया. 53 के कुल योग पर ही देविका वेदया ने प्रिया की 31 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से खेली गई 29 रनों की पारी का अंत किया. जहांआरा आलम ने पहले नताली स्काइवर (2) और फिर सोफी डेविने (3) के विकेट लेकर सुपरनोवाज का स्कोर पांच विकेट पर 64 रन कर दिया.

कप्तान हरमनप्रीत कौर हालांकि एक छोर पर खड़ी हुई थीं. हरमनप्रीत अपना खेल खेल रही थीं और इसमें उन्हें लिया तहुहु का साथ मिला. इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी कर टीम को खिताबी जीत के करीब ला दिया. इसमें से सिर्फ दो रन ही तहुहु के थे बाकी सभी रन हरमनप्रीत ने बनाए थे. आखिरी ओर में सुपरनोवाज को सात रनों की जरूरत थी. हरमनप्रीत पहली गेंद पर रन नहीं ले पाई. दूसरी गेंद पर वह केर पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मैथ्यूज के हाथों लपकी गईं. यहां सुपरनोवाज फंसती दिख रही थी लेकिन राधा यादव ने चार गेंद पर जरूरी रन बना अपनी टीम को जीत दिलाई.

इससे पहले, वेलोसिटी सुषमा वर्मा (नाबाद 40) और केर (36) की संघर्षपूर्ण पारियों के दम पर किसी तरह 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 121 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफल रही. सुपरनोवाज की गेंदबाजों ने अपनी कप्तान हरमनप्रीत कौर के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले को सही ठहराया. वेलोसिटी ने 37 रनों पर ही अपने पांच विकेट खो दिए थे. विकेट के गिरने की शुरुआत हेले मैथ्यूज के साथ हुई जो पारी की दूसरी गेंद पर बिना खाता खोले लिया तहुहु का शिकार हो गईं. उनके बाद डेनियल व्याट (0), शेफाली वर्मा (11), वेदा कृष्णामूर्ति (8) और मिताली राज (12) पवेलियन में बैठ गई थीं.

यह भी पढ़ें- ICC ODI Ranking 2019: ICC वनडे रैंकिंग में नंबर वन बनीं स्मृति मंधाना, कप्तान मिताली राज को एक स्थान का हुआ नुकसान

टीम के 100 के पार जाने की भी उम्मीद नहीं लग रही थी लेकिन सुषमा, एमिला ने टीम को संभाला और न सिर्फ टीम का शतक पूरा किया बल्कि उसे एक लड़ने लायक स्कोर दिया. इस साझेदारी को 108 के कुल स्कोर पर पूनम यादव ने केर को आउट कर तोड़ा. केर ने 38 गेंदों पर चार चौकों की सहायता से 35 रन बनाए. आखिरी ओवर में सुषमा और शिखा पांडे ने मिलकर 13 रन जुटाए. सुषमा ने अपनी नाबाद पारी में 32 गेंदों का सामना किया और तीन चौकों के अलावा एक छक्का मारा. सुपरनोवाज के लिए लिया ने दो, अनुजा पाटिल, राधा यादव, सोफी डेविने, नताली स्काइवर, पूनम यादव ने एक-एक विकेट लिए.

Share Now

संबंधित खबरें

RR vs GT, IPL 2026 52nd Match Scorecard: सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से रौंदा, राशिद खान ने चटकाए 4 विकेट; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

MI vs KKR, IPL 2026 52nd Match Scorecard: सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने रखा 230 रनों का टारगेट, शुभमन गिल ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

RR vs GT, IPL 2026 52nd Match Live Score Update: सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RR vs GT, IPL 2026 52nd Match Live Toss And Scorecard: सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड