MSC Maratha Royals Reveal New Jersey: मराठा रॉयल्स ने मुंबई टी20 लीग 2026 से पहले लॉन्च की नई जर्सी, ‘द रॉयल रोअर’ थीम ने खींचा फैंस का ध्यान
टी20 मुंबई लीग की वापसी के साथ एमएससी मराठा रॉयल्स खुद को सिर्फ एक मजबूत क्रिकेट फ्रेंचाइजी ही नहीं, बल्कि मुंबई की ऊर्जा और महत्वाकांक्षा से जुड़ा आधुनिक स्पोर्ट्स ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है.
MSC Maratha Royals Reveal New Jersey: टी20 मुंबई लीग का सीजन चार और टी20 मुंबई महिला लीग का पहला सीजन एक से 13 जून तक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने यह घोषणा की. पुरुषों और महिलाओं का टूर्नामेंट एक साथ होगा. इस बीच टी20 मुंबई लीग की मौजूदा चैंपियन एमएससी मराठा रॉयल्स ने आगामी सीजन से पहले अपनी नई आधिकारिक जर्सी लॉन्च कर दी है. टीम ने इस नई जर्सी के साथ अपने खिताब बचाव अभियान की शुरुआत की है. नई जर्सी टीम की आक्रामक क्रिकेटिंग सोच और मुंबई की ऊर्जा को दर्शाती है. मुंबई में आयोजित खास लॉन्च इवेंट में टीम के मालिक कपिल बहेती, अलीशा बहेती, मयंक खंडवाला और राज खंडवाला मौजूद रहे. इसके अलावा एमएससी मराठा रॉयल्स के CEO पराग मोरे, टीम कप्तान सिद्धेश लाड और हेड कोच अमित दाणी भी कार्यक्रम में शामिल हुए. GT vs RR, IPL 2026 Qualifier-2 Stats And Preview: फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू
‘द रॉयल रोअर’ थीम पर आधारित है नई जर्सी
एमएससी मराठा रॉयल्स की नई जर्सी “The Royal Roar” थीम पर तैयार की गई है, जिसमें पारंपरिक मराठी जोश और आधुनिक स्पोर्ट्स डिजाइन का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है. जर्सी में गोल्डन क्लॉ मार्क्स दिए गए हैं, जो टीम के आक्रामक और अटैकिंग गेमप्ले को दर्शाते हैं. फैब्रिक में टाइगर स्ट्राइप टेक्सचर का इस्तेमाल किया गया है, जिससे जर्सी को शिकारी अंदाज का लुक मिलता है.
इसके अलावा जर्सी में एक फैंटम टाइगर ग्राफिक भी जोड़ा गया है, जो इसे और ज्यादा दमदार बनाता है. जर्सी के ऊपरी हिस्से में हेरिटेज ऑरेंज रंग का इस्तेमाल किया गया है, जो महाराष्ट्र की ऊर्जा, जुनून और वीरता का प्रतीक है. वहीं मिडनाइट नेवी रंग की स्लीव्स और लोअर बॉडी टीम की मजबूती और धैर्य को दिखाती हैं. गोल्ड एक्सेंट डिटेलिंग जर्सी में रॉयल लुक जोड़ती है.
कैंपेन ने बढ़ाया उत्साह
डिफेंडिंग चैंपियन एमएससी मराठा रॉयल्स का इस बार का कैंपेन मुंबई की स्ट्रीट एनर्जी, हिप-हॉप कल्चर और बॉलीवुड स्टाइल से प्रेरित है. टीम का टैगलाइन “Bhag Bhag Bhag, Aya Sher” फैंस के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. टीम ने कहा कि यह कैंपेन मुंबई की निडर सोच और आत्मविश्वास को दर्शाता है. साथ ही यह संदेश देता है कि चैंपियन टीम इस सीजन और भी ज्यादा ताकत के साथ वापसी कर रही है.
टीम मालिकों ने क्या कहा?
टीम मालिक कपिल बहेती और अलीशा बहेती ने कहा, “हम चाहते थे कि यह जर्सी सिर्फ क्रिकेट तक सीमित न रहे, बल्कि हमारी टीम के निडर रवैये और मुंबई की भावना को भी दर्शाए. यह सिर्फ डिजाइन में बदलाव नहीं, बल्कि इस सीजन बेखौफ क्रिकेट खेलने का संदेश है.” वहीं मयंक खंडवाला और राज खंडवाला ने कहा, “खिताब बचाना हमेशा बड़ी चुनौती होती है और यही हमें प्रेरित करता है. एमएससी मराठा रॉयल्स सिर्फ जीतने वाली टीम नहीं, बल्कि मुंबई की पहचान और संस्कृति का हिस्सा बन चुकी है.”
मजबूत टीम के साथ उतरेगी एमएससी मराठा रॉयल्स
डिफेंडिंग चैंपियन कप्तान सिद्धेश लाड और हेड कोच अमित दाणी की अगुवाई में एमएससी मराठा रॉयल्स इस बार भी मजबूत टीम के साथ मैदान में उतरेगी. टीम में चिन्मय सुतार, रोहन राजे, तुषार देशपांडे, मैक्सवेल स्वामीनाथन, अर्जुन दाणी, अयाज खान, साहिल जाधव, सचिन यादव, प्रतीक शुक्ला, श्रेयांश राय, स्वराज परुलकर, ओम बांगर, इरफान उमैर, अथर्व भोसले, आर्यन पाटनी, यश गाडिया, श्रेयस गुरव, जितेंद्र पालीवाल और आदित्य धूमल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
टी20 मुंबई लीग की वापसी के साथ एमएससी मराठा रॉयल्स खुद को सिर्फ एक मजबूत क्रिकेट फ्रेंचाइजी ही नहीं, बल्कि मुंबई की ऊर्जा और महत्वाकांक्षा से जुड़ा आधुनिक स्पोर्ट्स ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है.