IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे सफल कप्तान हैं महेंद्र सिंह धोनी, जानिए उनके रिकॉर्ड्स और आंकड़े
आईपीएल 2025 में महेंद्र सिंह धोनी ने 14 मैचों की 13 पारियों में 24.50 की औसत और 135.17 की स्ट्राइक रेट के साथ 196 रन बनाए थे. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 30 रन* रहा. ज्यादातर मुकाबलों में महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी के लिए आखिरी ओवरों में मैदान पर उतरे. लगातार तीसरे सीजन में वह 200 रन से कम ही बना पाए.
MS Dhoni Captaincy Stats In IPL History: महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास का सबसे सफल कप्तान माना जाता है. उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम किया है. शांत स्वभाव, तेज दिमाग और मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसले लेने की क्षमता ने उन्हें क्रिकेट इतिहास के महान कप्तानों में शामिल किया है. 44 साल की उम्र में भी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे. ऐसे में आइए उनके रिकॉर्ड्स और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं. यह भी पढ़ें: Hardik Pandya Controversy: हार्दिक पांड्या पर तिरंगे के अपमान का आरोप, पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज
आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं महेंद्र सिंह धोनी
आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी करते हुए नजर नहीं आएंगे. वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलेंगे. हालांकि कप्तान के तौर पर उनके आंकड़े बेहद शानदार रहे हैं.
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 में पहली बार आईपीएल में कप्तानी की थी. उन्होंने अब तक 235 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें उनकी टीम को 136 मैचों में जीत मिली है. वहीं 97 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 2 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला.
महेंद्र सिंह धोनी के बाद आईपीएल में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम है, जिन्होंने 87 मुकाबले जीते हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 248 मैचों की 215 पारियों में 39.23 की औसत और 139.11 की स्ट्राइक रेट से 4,865 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 22 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन* रहा है.
महेंद्र सिंह धोनी के बाद सुरेश रैना (Suresh Raina) चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. सुरेश रैना ने 176 मैचों में 4,687 रन बनाए हैं. उनकी स्ट्राइक रेट 136.88 रही और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन* रहा है.
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं. उनके नाम 234 छक्के दर्ज हैं. इस सूची में दूसरे स्थान पर सुरेश रैना (Suresh Raina) हैं, जिन्होंने 180 छक्के लगाए थे. वहीं तीसरे स्थान पर शिवम दुबे (Shivam Dube) हैं, जिनके बल्ले से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 100 छक्के निकले हैं.
अगर आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो महेंद्र सिंह धोनी 264 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं. उनसे आगे क्रिस गेल (Chris Gayle) के नाम 357 छक्के, रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम 302 छक्के और विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम 291 छक्के दर्ज हैं.
आईपीएल 2025 में ऐसा रहा था महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में महेंद्र सिंह धोनी ने 14 मैचों की 13 पारियों में 24.50 की औसत और 135.17 की स्ट्राइक रेट के साथ 196 रन बनाए थे. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 30 रन* रहा. ज्यादातर मुकाबलों में महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी के लिए आखिरी ओवरों में मैदान पर उतरे. लगातार तीसरे सीजन में वह 200 रन से कम ही बना पाए.
धोनी ने आईपीएल 2024 में 161 रन और आईपीएल 2023 में 104 रन बनाए थे. इसके बावजूद महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी और अनुभव चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हमेशा बेहद अहम रहा है, और यही वजह है कि वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं.