Viral Video: इमरजेंसी में नहीं मिली एंबुलेंस, गर्भवती महिला को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लिटा कर पहुंचाया अस्पताल

आगरा के खेरागढ़ में एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर परिजन गर्भवती महिला को चारपाई पर लिटाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. परिजनों का दावा है कि गर्भवती को ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक नहीं मिला.  महिला को अस्पताल ले जाने का  वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

रसूलपुर निवासी पुष्पेंद्र की पत्नी गर्भवती सपना को गुरुवार को प्रसव पीड़ा होने लगी. परिजनों ने सरकारी एंबुलेस के लिए कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लगा. जब परिजन को कुछ नहीं सूझा तो गर्भवती को चारपाई पर लिटाकर पड़ोसी के ट्रैक्टर ट्राली से ही अस्पताल लेकर पहुंच गए.

सीएचसी के अधीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. प्रसूता ट्रैक्टर-ट्रॉली से लाई गई है, यह गलत है. प्रसूता को लाने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहती है. प्रसूता को एंबुलेंस और स्ट्रेचर क्यों नहीं मिला, इसकी जांच की जाएगी.