Palghar Viral Video: महाराष्ट्र के पालघर में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात, पिता से विवाद का बदला लेने के लिए मासूम का सिर जमीन पर पटका; आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी से हुए विवाद का बदला लेने के लिए उसके चार साल के मासूम बेटे पर जानलेवा हमला किया. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.
Palghar Viral Video: महाराष्ट्र (Maharashtra) के पालघर (Palghar) जिले से एक विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने चार साल के मासूम बच्चे पर बर्बरतापूर्वक हमला किया. सोमवार शाम को हुई इस घटना में आरोपी ने बच्चे को ऑटो-रिक्शा से खींचकर बाहर निकाला और उसका सिर कई बार जमीन पर पटका. हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है और फिलहाल अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. यह भी पढ़ें: Vasai Horror: वसई में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात, रिक्शे में खेलने पर मासूम को लोहे की रॉड से पीटा, फर्श पर पटका; आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी में कैद हुई दरिंदगी
यह घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चा अपनी सोसाइटी में खड़े एक ऑटो-रिक्शा के अंदर खेल रहा था. यह रिक्शा उसी सोसाइटी में रहने वाले संदीप पवार नाम के व्यक्ति का था. पवार वहां पहुंचा, उसने वहां खेल रहे अन्य बच्चों को भगाया और फिर चार साल के मासूम को निशाना बनाया.
फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने बच्चे का सिर रिक्शा से टकराया और फिर उसे सिर के बल जमीन पर पटक दिया. इतना ही नहीं, उसने बच्चे को पैरों से घसीटा और पहली मंजिल की सीढ़ियों के पास भी उसके साथ मारपीट जारी रखी.
पिता से विवाद का बदला लेने के लिए मासूम का सिर जमीन पर पटका
दादी के साथ भी की मारपीट
जब बच्चे की दादी उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी संदीप पवार ने उनके साथ भी मारपीट की. शोर सुनकर सोसाइटी के अन्य लोग इकट्ठा हुए और घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी वोकहार्ट अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
पुरानी रंजिश का बदला
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले सोसाइटी के निवासी अतुल कोंढरे (बच्चे के पिता) और संदीप पवार के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था. इसी का बदला लेने के लिए पवार ने मासूम बच्चे को निशाना बनाया. चश्मदीदों के अनुसार, इतनी क्रूरता करने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं था और वह सोसाइटी के लोगों के सामने खुलेआम कह रहा था कि "मैंने अपना बदला ले लिया.' यह भी पढ़ें: गोवा के बागा बीच पर बड़ा हादसा: पैरासेलिंग के दौरान बीच हवा में टूटी रस्सी, समुद्र में गिरा पर्यटक (Watch Video)
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वसई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी संदीप पवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम (Juvenile Justice Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को मुख्य सबूत के तौर पर इस्तेमाल कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
यह घटना पालघर और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग मासूम के साथ हुई इस हैवानियत को लेकर काफी आक्रोशित हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2026 02:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

