Fact Check: क्या भारत में रात 12 से सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा इंस्टाग्राम? जानिए सोशल मीडिया पर वायरल 'नाइट बैन' के दावे का सच
सोशल मीडिया पर तेजी से दावा किया जा रहा है कि भारत में इंस्टाग्राम रोजाना रात 12:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक बंद रहेगा और यूजर्स इस दौरान अपने अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। फैक्ट-चेक जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक पाया गया है. दरअसल, यह प्रतिबंध अमेरिका में मेटा और अमेरिकी राज्यों के बीच हुए एक कानूनी समझौते के तहत केवल 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिगों के लिए लागू किया गया है. भारत में केंद्र सरकार या मेटा की ओर से ऐसा कोई नियम या 'नाइट ब्लैकआउट' लागू नहीं किया गया है.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर पिछले कुछ दिनों से एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार और मेटा (Meta) ने स्क्रीन टाइम घटाने के लिए देश में इंस्टाग्राम पर रोजाना छह घंटे का 'नाइट ब्लैकआउट' लगाने का फैसला किया है.
तथ्यों की पड़ताल (Fact Check) में यह बात सामने आई है कि भारत में इंस्टाग्राम के संचालन पर किसी भी तरह का रात का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है और यह दावा पूरी तरह बेबुनियाद है.
कैसे शुरू हुआ 'नाइट बैन' का भ्रामक दावा?
वायरल पोस्ट्स में यह प्रचारित किया जा रहा था कि प्लेटफॉर्म सुरक्षा और बच्चों में मोबाइल की लत रोकने के लिए भारत सरकार के निर्देश पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक इंस्टाग्राम की सेवाएं बंद रहेंगी.
हालांकि, यह पूरी तरह से गलत संदर्भ में प्रस्तुत की गई जानकारी है. यह भ्रम अमेरिका में मेटा के खिलाफ चल रहे एक बड़े कानूनी मामले के हालिया निपटारे (Legal Settlement) के बाद फैली खबरों की गलत व्याख्या के कारण उत्पन्न हुआ. यह भी पढ़ें: Fact Check: क्या जापान और भारत के बीच 5 करोड़ हिंदुओं को जापान में बसाने का हुआ समझौता? जानिए वायरल दावे की सच्चाई
अमेरिका में नाबालिगों के लिए है यह नियम, भारत से कोई संबंध नहीं
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स (द गार्जियन और सीबीसी न्यूज) के अनुसार, सोशल मीडिया की लत और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अमेरिका के कई राज्यों द्वारा दायर मुकदमे के निपटारे के तहत मेटा ने नाबालिगों के लिए कुछ कड़े कदम उठाने पर सहमति जताई है:
- अमेरिका में लागू शर्तें: अमेरिका में 18 वर्ष से कम उम्र के यूजर्स के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रतिदिन अधिकतम 2 घंटे का डिफॉल्ट टाइम लिमिट तय किया गया है.
- नाइट ब्लैकआउट: केवल अमेरिकी टीनेजर्स के लिए रात 12:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक ऐप के उपयोग पर रोक और स्कूल के समय (सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक) नोटिफिकेशन्स म्यूट रखने का प्रावधान है.
- भारत में प्रभाव: मेटा ने भारत के लिए ऐसे किसी भी अनिवार्य प्रतिबंध या समझौते की घोषणा नहीं की है.
भारत सरकार और पीआईबी का स्पष्टीकरण
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट और अन्य प्रामाणिक समाचार माध्यमों ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार ने इंस्टाग्राम या फेसबुक पर किसी भी प्रकार का समय-आधारित प्रतिबंध लगाने का कोई आदेश जारी नहीं किया है.
भारत में सभी आयु वर्ग के उपयोगकर्ता पूर्व की भांति 24 घंटे इंस्टाग्राम का सामान्य रूप से उपयोग कर सकते हैं. उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे ऐसे असत्यापित संदेशों और अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही इन्हें आगे फॉरवर्ड करें.