कुंभ 2019: मौनी अमावस्या पर दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सुबह 7 बजे तक गंगा में लगाई डुबकी
मौनी अमावस्या पर सोमवार को दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां कुम्भ मेले में गंगा (Ganga) और संगम में आस्था की डुबकी लगाई.
प्रयागराज: मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) पर सोमवार को दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां कुम्भ मेले में गंगा (Ganga) और संगम में आस्था की डुबकी लगाई. आईसीसीसी के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि रविवार शाम छह बजे तक एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया था और रविवार रात्रि 12 बजे से सोमवार सुबह सात तक एक करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं.
उन्होंने बताया कि सोमवती अमावस्या होने की वजह से स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात से ही मेला क्षेत्र में डटे हुए हैं. अधिकारी ने बताया कि शाम तक 3-4 करोड़ लोगों के स्नान करने की उम्मीद है. मौनी अमावस्या पर बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद होने के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: कुंभ 2019: मौनी अमावस्या पर कुंभ में सुरक्षा बढ़ी, दूसरे राज्य से मंगाए गए स्पेशल फोर्स
अपर पुलिस महानिदेशक एस.एन. साबत ने कहा, "मकर संक्रांति के स्नान की तुलना में हमने सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी है. आपात स्थिति से निपटने का भी अभ्यास किया गया है.
साथ ही रेलवे की निगरानी व्यवस्था और मेले की निगरानी व्यवस्था के बीच सामंजस्य स्थापित किया गया है." आईजी (कुंभ मेला) के.पी. सिंह ने बताया था, "सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर अर्द्धसैनिक बल तैनात किए हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2019 09:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

